MP में हवाई सेवा का विस्तार: भोपाल से पटना-रीवा, रीवा-जबलपुर से कोलकाता के लिए नई उड़ानें शुरू; जानें शेड्यूल व किराया
मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार करते हुए भोपाल से पटना-रीवा और रीवा-जबलपुर से कोलकाता के लिए चार नई उड़ानें शुरू की गईं। मुख्यमंत्री डॉ. म ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई। (सौजन्य- जनसंपर्क)
HighLights
मध्य प्रदेश में चार नए हवाई मार्गों पर उड़ानें शुरू।
भोपाल-पटना, भोपाल-रीवा, रीवा-कोलकाता, जबलपुर-कोलकाता शामिल।
उद्योग, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, निवेश बढ़ेगा।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार देते हुए रविवार को चार नए हवाई मार्गों पर विमान सेवाओं की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के राजा भोज विमानतल से भोपाल-पटना, भोपाल-रीवा, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता उड़ानों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी शामिल हुए।
भोपाल से रीवा के बीच पहले से विमान सेवा संचालित है, लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब इस मार्ग पर एक और उड़ान शुरू की गई है। नई सेवाओं से प्रदेश के अलग-अलग शहरों के बीच हवाई संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
उद्योग, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा फायदा
शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। नई उड़ानों से उद्योग और व्यापार को गति मिलने के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि हवाई यात्रा से लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी। प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में आने वाले पर्यटकों के लिए भी आवागमन आसान होगा। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से निवेश और कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी
दो महीने में भोपाल से शारजाह की अंतरराष्ट्रीय उड़ान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले दो माह में भोपाल से शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि जब किसी शहर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुविधा विकसित होती है तो उसका व्यापक लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था और लोगों को मिलता है।
नागरिक विमानन नीति के तहत आठ रूट स्वीकृत
मुख्यमंत्री के अनुसार, मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत अब तक आठ हवाई मार्गों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से चार मार्गों पर पहले से विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। इनमें इंदौर और अबूधाबी के बीच चलने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शामिल है।
बाकी चार मार्गों पर रविवार से विमान सेवाओं की शुरुआत की गई है। इस तरह प्रदेश के प्रमुख शहरों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है।
तीन साल में तीन नए एयरपोर्ट शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान तीन एयरपोर्ट का शुभारंभ किया जा चुका है। सरकार का फोकस प्रदेश के विभिन्न अंचलों तक हवाई संपर्क पहुंचाने और मौजूदा एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर है।
नई उड़ानों के शुरू होने से भोपाल, रीवा और जबलपुर के यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। सरकार को उम्मीद है कि इससे प्रदेश में पर्यटन, व्यापार और निवेश की गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें- MP में 2027 के चुनावी रण के लिए कांग्रेस का नया प्लान, पहली बार बनेगी चुनाव प्रबंधन टीम; बूथवार कमजोरियां होंगी दूर
मध्य प्रदेश हवाई सेवाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा : नायडू
कार्यक्रम में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से मध्य प्रदेश की कृषि, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बल मिलेगा। देश में विमानन सेवाओं के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर नए विमानों की खरीद और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उड़ान योजना के अंतर्गत 100 नए हवाई अड्डों को विकसित करने की पहल भी इसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने मध्य प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेलीकाप्टर सेवाएं प्रारंभ करने को अच्छी पहल बताया। कहा कि हवाई सेवाओं में प्रदेश आकांक्षी सोच और तेज गति के साथ आगे बढ़ रहा है।
रूट -- उड़ान के दिन -- किराया (रुपये में)
भोपाल-रीवा -- मंगलवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार -- 3500
भोपाल-पटना -- सोमवार, बुधवार, रविवार --4500
रीवा-कोलकाता -- मंगलवार, गुरुवार, शनिवार -- 3,200
जबलपुर-कोलकाता -- मंगल, गुरु, शनि -- 4500