विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश: धार में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार तीन की मौत, गुस्साए लोगों ने फोरलेन किया जाम

Published: Sat, 03 Oct 2026 09:29 AM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2026 10:42 AM (IST)

धार जिले के बदनावर में महू-नीमच फोरलेन पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे ...और पढ़ें

बदनावर के पिटगारा चौराहे पर भीषण सड़क हादसा।

बदनावर के पिटगारा चौराहे पर भीषण सड़क हादसा।

HighLights

  1. धार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मारी।

  2. हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत, एक बच्ची घायल।

  3. गुस्साए ग्रामीणों ने महू-नीमच फोरलेन पर चक्काजाम किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बदनावर में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर बड़ी चौपाटी से कुछ दूरी पर पिटगारा तिराहे पर शनिवार सुबह करीब 7 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 14 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद बाइक ट्राले से अलग हुई और ट्राले का ड्राइवर वाहन लेकर मौके से भाग निकला।

दूसरी बेटी अस्पताल में भर्ती

मृतकों की पहचान राहुल पिता निर्भय सिंह भाटी (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और बेटी सुमन (14) के रूप में हुई है। हादसे में उनकी छोटी बेटी शिवानी (12) गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तत्काल बदनावर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम रेफर किया गया।

हादसे के बाद चक्काजाम

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। तीन लोगों की मौत और बच्ची के गंभीर घायल होने की जानकारी से लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने पिटगारा तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते मृतकों के परिजन के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने और मृतकों के परिजन को समुचित मुआवजा देने की मांग शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर, टीआई अमितसिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर जाम समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। सुबह करीब 10 बजे तक चक्काजाम जारी था।

दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतार

चक्काजाम के कारण लेबड़-नयागांव फोरलेन पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर सात किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा। पुलिस द्वारा यातायात सुचारू कराने के प्रयास किए जा रहे थे।

हादसा इतना भीषण था कि तीनों मृतकों के शव कुचलने से क्षत-विक्षत हो गए। दुर्घटना में बाइक क्रमांक एमपी 43 ईएफ 2220 भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद पुलिस ट्राला और उसके चालक की तलाश में जुट गई।

लहसुन की बोवनी के लिए जा रहा था परिवार

बताया गया कि राहुल अपनी पत्नी पूजा और दोनों बेटियों के साथ ग्राम धमाना में लहसुन की बोवनी करने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पिटगारा तिराहे के पास पीछे से तेज गति से आए ट्राला ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद परिवार में अब राहुल का नाबालिग पुत्र दिलखुश ही बचा है। वह घर पर रहने के कारण हादसे के समय परिवार के साथ नहीं था। हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर फैल गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटनास्थल पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।

लोगों का कहना था कि पिटगारा तिराहा दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील है। यहां तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से तिराहे पर स्पीड ब्रेकर सहित आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है।