विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुना में तारपीन से भरा टैंकर पलटा, तेल समझ बाल्टी-कैन लेकर लूटने जुटे ग्रामीण; पुलिस ने खदेड़ा

Published: Mon, 24 Aug 2026 03:14 PM (IST)

गुना जिले के बीनागंज में तारपीन से भरा एक टैंकर पलटने से तेल बहने लगा, जिसे ग्रामीण खाद्य तेल समझकर ...और पढ़ें

HighLights

  1. बीनागंज में तारपीन से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा।

  2. ग्रामीणों ने तेल समझकर बाल्टी-कैन से लूटना शुरू किया।

  3. पुलिस ने भीड़ हटाई, यातायात व बिजली आपूर्ति बहाल की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के गुना जिले के बीनागंज नगर में टोडी रोड स्थित वेयरहाउस के सामने रविवार शाम करीब 5.30 बजे एक तेज रफ्तार तारपीन से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टैंकर के ढक्कन खुल गए और उनमें से तेजी से तेल निकलने लगा। यह देख आसपास के ग्रामीणों ने तेल समझकर लूटना शुरू कर दिया। ग्रामीण बाल्टी, कैन, ड्रम लेकर तेल भरने लगे।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। टैंकर पलटने और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगने की वजह से मौके पर यातायात भी बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा और क्रेन की मदद से टैंकर को हटवाया।

हादसे के बाद चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टैंकर चालक कुछ सामान खरीदी के लिए बीनागंज नगर में आया था। उसे शराब दुकान के आसपास भी देखा गया, हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। वह नेशनल हाईवे 46 से बीनागंज नगर में बायपास होकर लहरचा रोड से आया और सामान खरीदी के बाद टोड़ी रोड से वापस हाईवे पर जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। हालांकि घटना के बाद चालक मौके से भाग गया था।

यह भी पढ़ें- भोपाल में सड़क पर जेन जी-अल्फा, कहा- सरकारी स्कूलों को बंद न करो; शिक्षकों की संख्या कम करने का भी विरोध

एक घंटे बाधित रही बिजली सप्लाई

टैंकर पलटने के दौरान विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई और नगर बीनागंज की विद्युत सप्लाई तार टूटने से बंद हो गई। सूचना पर विद्युत कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की।

टैंकर इंदौर से दिल्ली जा रहा था। टैंकर में तारपीन पैंट आयल है, खाने में या शरीर पर लगाने में या मवेशियों को खिलाने में इसका उपयोग नहीं किया जाता, क्योंकि यह हानिकारक होता है।
- नीरज लोधी, पुलिस चौकी प्रभारी बीनागंज