विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दतिया में हार पर बोले आशुतोष तिवारी- कांग्रेस के षड्यंत्र को समझ नहीं पाए; उमा ने कहा- हम सब परीक्षा में फेल

Published: Thu, 06 Aug 2026 10:31 PM (IST)

दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपनी हार के लिए कांग्रेस के षड्यंत्र को जिम्मेदार ठहराया और कहा ...और पढ़ें

आशुतोष तिवारी (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

आशुतोष तिवारी (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. आशुतोष तिवारी ने हार का कारण कांग्रेस का षड्यंत्र बताया।

  2. उमा भारती ने दतिया उपचुनाव हार को अपनी विफलता माना।

  3. हार की समीक्षा कर आगे की रणनीति बनाने पर जोर दिया।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी ने अपनी हार के लिए कांग्रेस के षड्यंत्र को कारण बताते हुए कहा है कि हम उस षड्यंत्र को समझ नहीं पाए। ऐसी और कौन सी बातें हैं, उनको संज्ञान में लेकर आगे के लिए सुधार करेंगे। गुरुवार को भोपाल में पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पहुंचे आशुतोष ने पत्रकारों के सवाल पर यह बात कही।

भितरघात पर बोले- कोई चूक हुई तो है

उपचुनाव में प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा की भूमिका को लेकर सवाल पर आशुतोष सीधे कुछ कहने से बचते नजर आए। उन्होंने इतना ही कहा कि हर व्यक्ति की भूमिका के बारे में सबका अपना मत है, समीक्षा समिति तय करेगी कि किसने क्या भूमिका निभाई। भितरघात के सवाल पर बोले- कोई तो चूक हुई ही है, उसकी समीक्षा होगी।

नरोत्तम से मुलाकात को बताया 'सामान्य'

पार्टी कार्यालय में आशुतोष तिवारी ने प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात की। चुनाव परिणाम के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि मुलाकात के कोई राजनीतिक मायने नहीं है। सार्वजनिक जीवन में कुछ लिहाज होते हैं, यह सार्वजनिक जीवन की साधारण सी मुलाकात है।

2028 के चुनाव पर कही यह बात

वर्ष 2028 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भी अपनी दावेदारी के सवाल पर आशुतोष ने कहा कि साधारण कार्यकर्ता की भूमिका में हूं, इसी भूमिका में ही रहूंगा। पार्टी नेतृत्व जो जिम्मेदारी देगा, उसका निष्ठापूर्वक पालन करूंगा।

यह भी पढ़ें- MP में दतिया उपचुनाव के बाद दोनों दलों में संगठन सर्जरी की तैयारी, कांग्रेस बदलेगी 8 जिलाध्यक्ष; भाजपा में भी 12 पर गिर सकती है गाज

उमा भारती बोली- हम सब परीक्षा में फेल हो गए

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने दतिया उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की हार पर गुरुवार को खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मैं अपने समर्थकों से यह अनुरोध करूंगी कि वह यह अभिमान न पालें कि मेरी वजह से वोट बढ़े, क्योंकि अंत में हम दतिया उपचुनाव हार ही गए, जिससे मुझे बहुत आघात लगा।

उमा ने कहा कि मैं तो दतिया उपचुनाव प्रचार में आ नहीं सकी किंतु समर्थन में एक वाक्य मैंने भेजा जो घर-घर पहुंचाया गया और वहां वोट भी मिले। आखिर हम सब किसी न किसी परीक्षा में फेल हो गए और हमें अपनी रणनीति की गहन समीक्षा करनी होगी। बता दें कि दतिया उपचुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में उमा भारती का नाम नहीं था।