दतिया उपचुनाव रिजल्ट पर भाजपा का बड़ा एक्शन, जिला मंडल से बूथ तक की कार्यकारिणी भंग
दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दतिया जिले की पूरी संगठनात्मक संरचना को ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश भाजपा कार्यालय (फाइल फोटो)
HighLights
चुनाव नतीजों की समीक्षा के लिए बनाई समिति की अनुशंसा पर कार्रवाई।
टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने दतिया में किया था प्रदर्शन।
जिला अध्यक्ष सहित बूथ स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों ने दिया था त्यागपत्र।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मिली हार के बाद मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला दतिया की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद दतिया उपचुनाव के परिणाम की समीक्षा के लिए गठित की गई दो सदस्यीय समिति की अनुशंसा के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
छह घंटे के भीतर कार्रवाई
समिति गठन के छह घंटे बाद ही भाजपा संगठन ने दतिया जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्य समिति, मंडल मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों सहित समस्त जिला संगठन वर्तमान संगठनात्मक इकाइयां तत्काल प्रभार से पदमुक्त कर दिया। समिति की जांच रिपोर्ट से पार्टी संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत कराया और इसके बाद मंगलवार देर रात कार्रवाई की गई।
नरोत्तम समर्थकों ने किया था विरोध प्रदर्शन
दतिया उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों ने दतिया में जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। समर्थक विरोध में सड़कों पर उतर आए थे और पार्टी विरोधी बातें भी की गई। यहां तक कि जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित बूथ स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। जिसे उस समय पार्टी संगठन ने अस्वीकार कर दिया था। लेकिन अब चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा संगठन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
आशुतोष तिवारी ने बैठक में दिए भितरघात के प्रमाण
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर हार के कारणों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, उपचुनाव प्रभारी और सांसद भारत सिंह कुशवाह, कई मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी की मौजूदगी में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी शिकायतों की ऑडियो रिकार्डिंग लेकर पहुंचे थे। उन्होंने भावुक होते हुए अपनी बात रखी और चुनाव के दौरान भितरघात संबंधी वाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी बताए।
यह भी पढ़ें- 'कोई पद लेने की नहीं इच्छा, मेरा पटाक्षेप हो गया', दतिया में भाजपा की पराजय के बाद नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान
दो-सदस्यीय समिति ने दी समीक्षा रिपोर्ट
बैठक में हार के कारणों, संगठन की भूमिका, भितरघात की शिकायतों पर चर्चा के बाद परिणाम की समीक्षा करने के लिए दो सदस्यीय समिति बनाने का निर्णय लिया गया था। इसमें प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे एवं वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को सदस्य बनाया गया। समिति ने चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर चुनाव परिणाम के कारणों का विश्लेषण किया और अपना निष्कर्ष कर रिपोर्ट भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल को सौंपी थी। समिति ने चुनाव के दौरान बहुप्रसारित हुए कथित भ्रामक पोस्ट और फर्जी पत्रों की भी समीक्षा की।
