विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल महापौर की कार में आग लगाने का प्रयास, नाराज कर्मचारी ने वाहन के ऊपर जलते कागज रखे; मची अफरा-तफरी

Published: Mon, 07 Sep 2026 06:26 PM (IST)

भोपाल नगर निगम कार्यालय में एक नाराज कर्मचारी ने महापौर मालती राय की गाड़ी पर जलते कागज रखकर आग लगाने ...और पढ़ें

महापौर की कार के ऊपर रखे जलते कागज। (वीडियो ग्रैब)

महापौर की कार के ऊपर रखे जलते कागज। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. नाराज कर्मचारी ने महापौर की गाड़ी में आग लगाने का प्रयास किया।

  2. जलते कागजों को हटाने में एक कर्मचारी का हाथ झुलसा।

  3. कर्मचारियों की तत्परता से नगर निगम परिसर में हादसा टल गया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल नगर निगम कार्यालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाराज कर्मचारी ने जमकर हंगामा करते हुए महापौर मालती राय की गाड़ी में आग लगाने का प्रयास किया। कर्मचारी ने कुछ कागजों में आग लगाकर उन्हें महापौर की गाड़ी की छत पर रख दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

जलते हुए कागजों को हटाने और आग बुझाने के दौरान नगर निगम कर्मचारी रामसिंह यादव के हाथ झुलस गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे महापौर की गाड़ी को गंभीर नुकसान होने से बचा लिया गया।

बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी अपनी मांगों का निराकरण नहीं होने और अन्य समस्याओं को लेकर नाराज था। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था और अस्पताल में भर्ती रहकर उपचार भी करा रहा था। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को वह सीधे अस्पताल से नगर निगम कार्यालय पहुंचा था।

पर्चे लहराते हुए की नारेबाजी

नगर निगम कार्यालय पहुंचने के बाद कर्मचारी ने हाथ में पर्चे लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर बाद वह महापौर मालती राय की गाड़ी के पास पहुंचा और कागजों में आग लगाकर उन्हें वाहन की छत पर रख दिया।

गाड़ी में आग फैलने की आशंका को देखते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत जलते कागजों को हटाया। इसी दौरान आग बुझाने की कोशिश में रामसिंह यादव के हाथ झुलस गए। कर्मचारियों की तत्परता के चलते आग को वाहन तक फैलने से रोक लिया गया।

पर्चों पर लिखा था कर्मचारी संगठन का नाम

घटना के दौरान कर्मचारी ने नगर निगम परिसर में जो पर्चे फेंके, उन पर 'कर्मचारी नगर निगम भोपाल' के साथ 'सम्राट अशोक संगठन' का नाम लिखा हुआ था। पर्चों पर 'सुनील गायकवाड़, कर्मचारी अध्यक्ष, नगर निगम भोपाल' का नाम भी अंकित था।

यह भी पढ़ें- सड़क पर घायल को तड़पता देख शिवराज ने रुकवाया काफिला, एंबुलेंस बुलाकर भेजा अस्पताल; लोगों को बताई ‘गोल्डन ऑवर’ में मदद की अहमियत

हंगामे से कार्यालय में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद नगर निगम कार्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। कर्मचारी के हंगामे और महापौर की गाड़ी में आग लगाने के प्रयास को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में भी हलचल रही।

फिलहाल मामले में संबंधित कर्मचारी के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पूरे घटनाक्रम को लेकर नगर निगम स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।