विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ऐसी मिसाइल छोड़ो जो काजी कैंप में गिरे', भोपाल में भाजपा विधायक के बयान पर बवाल, बाद में दी सफाई; कांग्रेस पहुंची थाने

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:48 AM (IST)

भोपाल में मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने 'काजी कैंप' पर मिसाइल गिराने का विवादित बयान ...और पढ़ें

HighLights

  1. हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान विवादों में।

  2. बाद में दी सफाई, इस्लामाबाद के काजी कैंप का जिक्र किया।

  3. कांग्रेस ने बयान को नफरत की राजनीति बताकर शिकायत की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार रात आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। करोंद स्थित भगत सिंह चौराहे पर मंच से भाषण देते हुए शर्मा ने कहा कि ऐसी मिसाइल बनाई जाए, जिसे करोंद चौराहे से छोड़ें तो वह सीधे काजी कैंप में जाकर गिरे। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। इसके बाद विधायक ने तत्काल स्पष्ट किया कि उनका इशारा भोपाल के काजी कैंप की ओर नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के काजी कैंप की ओर था।

बयान का करीब 25 सेकंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में हनुमानगंज थाने में शिकायत भी दी गई है।

सर्जिकल स्ट्राइक, मिसाइल का जिक्र करते हुए कही बात

कार्यक्रम में रामेश्वर शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई सर्जिकल स्ट्राइक और देश की बढ़ती सैन्य क्षमता का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक समय भारत की सैन्य और तकनीकी क्षमता पर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन अब देश मिसाइल बनाने में सक्षम है।

इसी दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी मिसाइल तैयार होनी चाहिए, जिसे करोंद चौराहे से छोड़ा जाए तो वह सीधे काजी कैंप में जाकर गिरे। भीड़ की तालियों के बीच विधायक ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा—‘यहां वाला नहीं... इस्लामाबाद वाला काजी कैंप।’

कांग्रेस ने बताया नफरत की राजनीति

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा विधायक पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बयान को नफरत की राजनीति से जोड़ते हुए सरकार से विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पटवारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के उस कथन का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुसलमानों को भारत में रहने का अधिकार नहीं मानने वाला व्यक्ति सच्चा हिंदू नहीं हो सकता। कांग्रेस का आरोप है कि एक तरफ भाजपा और संघ की ओर से सामाजिक समरसता की बात कही जाती है, वहीं पार्टी के जनप्रतिनिधियों के मंच से इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं।

हिंदू एकता और राष्ट्रवाद पर केंद्रित था भाषण

जानकारी के अनुसार, मटकी फोड़ कार्यक्रम के मंच से रामेश्वर शर्मा आतंकवाद, राष्ट्रवाद और हिंदू एकता जैसे मुद्दों पर संबोधित कर रहे थे। अपने भाषण में उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए लाहौर और ढाका में भी मटकी फोड़ आयोजन होने की बात कही।

उन्होंने हिंदू समाज से जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट रहने की अपील भी की। इसी दौरान भारत की सैन्य शक्ति और मिसाइल क्षमता का जिक्र करते हुए काजी कैंप को लेकर यह टिप्पणी की गई।

यह भी पढ़ें- भोपाल महापौर की कार में आग लगाने का प्रयास, नाराज कर्मचारी ने वाहन के ऊपर जलते कागज रखे; मची अफरा-तफरी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का टिप्पणी से परहेज

विवाद बढ़ने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से जब विधायक के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने तत्काल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी बयान की पूरी जानकारी नहीं है और वीडियो को पूरा देखने तथा मामले को समझने के बाद ही इस पर प्रतिक्रिया देंगे।