विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी या ग्रुप टूर के लिए बुक करना है ट्रेन का पूरा कोच? जानिए इंडियन रेलवे की इस खास सुविधा के नियम और शर्तें

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:33 PM (IST)Updated: Thu, 10 Sep 2026 10:04 AM (IST)

भारतीय रेलवे की FTR सेवा के तहत अब आप शादी या ग्रुप टूर के लिए पूरा कोच या ट्रेन बुक कर सकते हैं।

क्या आप जानते हैं ट्रेन का पूरा डिब्बा भी हो सकता है बुक? (Image Source: AI-Generated)

क्या आप जानते हैं ट्रेन का पूरा डिब्बा भी हो सकता है बुक? (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपने कभी एक ऐसी ट्रेन जर्नी की कल्पना की है, जहां आपके आस-पास कोई अनजान मुसाफिर न हो, बल्कि पूरा कोच आपके अपने लोगों की महफिल में तब्दील हो जाए?

सोशल मीडिया पर अक्सर हमें ऐसी 'ट्रेन वाली बारात' या ग्रुप ट्रिप के वीडियो दिख जाते हैं, जिनमें लोग सफर के दौरान जमकर नाच-गाना करते हैं। अगर आपको लगता है कि यह कोई जुगाड़ है, तो बता दें कि भारतीय रेलवे में शादी या किसी भी बड़े इवेंट के लिए अपना पर्सनल कोच या पूरी ट्रेन बुक करना पूरी तरह से लीगल है।

मेहमानों को अलग-अलग बस या कार में ढोने की थका देने वाली झंझट से बचने के लिए रेलवे की FTR सर्विस एक परफेक्ट समाधान है। आइए, इस आर्टिकल में समझते हैं कि आप अपने इस खास सफर की बुकिंग कैसे कर सकते हैं।

कब करें अप्लाई और कितने डिब्बे मिल सकते हैं?

बुकिंग के लिए आपको थोड़ा पहले से प्लानिंग करनी होगी। आप यात्रा की तारीख से कम से कम 30 दिन पहले और ज्यादा से ज्यादा 6 महीने पहले तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।

  • अगर ग्रुप छोटा है, तो आप एक बार में ज्यादा से ज्यादा 10 कोच तक बुक कर सकते हैं।
  • अगर आपको पूरी ट्रेन चाहिए, तो अधिकतम 24 डिब्बों के लिए अप्लाई किया जा सकता है, जिसमें 2 SLR कोच शामिल होते हैं।

घर बैठे कैसे करें ऑनलाइन बुकिंग?

रेलवे ने इसका प्रोसेस काफी आसान बना दिया है। बस इसके लिए आपको कुछ जरूरी स्टेप्स को फॉलो करना होगा:

  • सबसे पहले IRCTC की स्पेशल वेबसाइट ftr.irctc.co.in पर जाएं और अपनी एक नई यूजर आईडी तैयार करें।
  • लॉगिन करने के बाद, अपनी यात्रा का पूरा रूट, जाने की तारीख और डिब्बों की संख्या भरें।
  • डिटेल भरते ही आपको एक रेफरेंस नंबर स्क्रीन पर मिल जाएगा।
  • इस नंबर के जारी होने के 6 दिनों के भीतर आपको पेमेंट पूरी करनी होगी। जैसे ही आप पैसे जमा करेंगे, आपका FTR नंबर जनरेट हो जाएगा और बुकिंग पक्की हो जाएगी।

स्टेशन जाकर बुकिंग का तरीका

अगर आप इंटरनेट के बजाय खुद जाकर बात करना पसंद करते हैं, तो रेलवे स्टेशन के यूटीएस काउंटर पर जा सकते हैं। इसके अलावा, स्टेशन मास्टर या डीआरएम के ऑफिस जाकर भी उन्हें यात्रा की पूरी जानकारी दी जा सकती है। वहां पर आप पूरी ट्रेन, एक कोच या फिर एक साथ कई सीटों की मांग कर सकते हैं और पेमेंट देकर अपनी बुकिंग करवा सकते हैं।

कितना आता है खर्च?

अपनी सहूलियत के हिसाब से ट्रेन बुक करना आम सफर से थोड़ा महंगा होता है। नॉर्मल टिकट के मुकाबले इसमें करीब 30-35% ज्यादा पैसा लगता है।

  • रिफंडेबल सिक्योरिटी: आपको हर एक कोच के लिए 50,000 रुपये जमा करने होते हैं। घबराइए नहीं, सफर पूरा होने के बाद यह रकम आपको वापस लौटा दी जाती है।
  • एक्स्ट्रा दिन का चार्ज: यह 50,000 रुपये की सिक्योरिटी 7 दिनों के सफर के लिए होती है। अगर आप 7 दिन से ज्यादा समय लेते हैं, तो प्रति दिन के हिसाब से 10,000 रुपये एक्स्ट्रा देने पड़ते हैं।
  • पूरी ट्रेन का खर्च: मान लीजिए आप 18 डिब्बों की पूरी ट्रेन बुक कर रहे हैं, तो आपको इंजन का किराया भी देना होगा। ऐसे में, न्यूनतम खर्च करीब 9 लाख रुपये तक आता है। हालांकि, असली खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि आप कितनी दूर जा रहे हैं और आपने किस तरह के कोच चुने हैं।

सफर से पहले जरूर जान लें 3 काम की बातें

  • एक आईडी से सबका सफर: सबसे अच्छी बात यह है कि आपको 50-100 लोगों के पहचान पत्र रेलवे को नहीं देने होते। जो व्यक्ति बुकिंग कर रहा है, सिर्फ उसी का अकाउंट और आईडी इस्तेमाल होता है। सफर में बस उसी को अपने जरूरी डॉक्यूमेंट्स साथ रखने होते हैं।
  • बुकिंग की गारंटी नहीं: पेमेंट कर देने भर से यह पक्का नहीं हो जाता कि आपको कोच मिल ही जाएगा। यह इस बात पर निर्भर करता है कि उस दिन रेलवे के पास डिब्बे खाली हैं या नहीं।
  • टिकट कैंसिल करने पर: अगर किसी वजह से आपको प्लान बदलना पड़े, तो पैसे रिफंड होने का पूरा प्रोसेस रेलवे के सामान्य कैंसिलेशन नियमों के तहत ही काम करेगा।

यह भी पढ़ें- कंफर्म था टिकट, मगर देरी से पहुंचने पर छूट गई ट्रेन? पैसे वापस मिलेंगे या नहीं, जान लीजिए रेलवे के नियम

यह भी पढ़ें- घर में पेट्स की वजह से नहीं बना पाते ट्रिप का प्लान? ट्रेन में है साथ ले जाने की सुविधा, जानिए रेलवे के नियम