शादी फिक्स होने की खुशी में न हो जाएं अंधे! इन 6 'रेड फ्लैग्स' को कतई न करें प्यार समझने की गलती
शादी तय होने की खुशी में अक्सर लोग पार्टनर की कुछ आदतों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो भविष्य में बड़ी समस्या बन सकती हैं। ...और पढ़ें

शादी से पहले इन 6 'रेड फ्लैग्स' को न करें इग्नोर (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपकी भी शादी फिक्स हो गई है? अक्सर रिश्ता तय होने के बाद परिवार और कपल्स खुशियों में इतने डूब जाते हैं कि उन्हें सब कुछ बेहद खूबसूरत और 'परफेक्ट' लगने लगता है। इस शुरुआती खुमार में हम अक्सर पार्टनर की कुछ ऐसी आदतों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो भविष्य में एक बड़े तूफान का कारण बन सकती हैं।
हाल ही में सामने आए कुछ दिल दहला देने वाले मामले- जैसे केतन मर्डर केस, राजा रघुवंशी हत्याकांड, सौरभ राजपूत और महालक्ष्मी मर्डर केस, इस बात की गवाही देते हैं कि पार्टनर के व्यवहार को लेकर की गई अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।
दिल्ली के PSRI अस्पताल की कंसल्टेंट साइकोलॉजिस्ट, अर्पिता कोहली के अनुसार, रिश्ते की शुरुआत में हर चीज अच्छी लगती है, लेकिन शादी से पहले सिर्फ अच्छी बातों पर ही नहीं, बल्कि कुछ 'रेड फ्लैग्स' पर भी ध्यान देना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि वो कौन से संकेत हैं, जिन्हें आपको बिल्कुल इग्नोर नहीं करना चाहिए।

(Image Source: AI-Generated)
आपकी पसंद और फैसलों की कद्र न होना
अगर आपका होने वाला जीवनसाथी आपकी बातों या पसंद-नापसंद को अहमियत नहीं देता और हर फैसले में सिर्फ अपनी ही राय थोपता है, तो सतर्क हो जाइए। यह इस बात का साफ इशारा है कि भविष्य में वह आप पर हावी होने और आपको कंट्रोल करने की कोशिश करेगा। एक स्वस्थ रिश्ते में दोनों की भावनाओं का बराबर सम्मान होना चाहिए।
खबरें और भी
बात-बात पर गुस्सा और अपमान
क्या आपका पार्टनर छोटी-छोटी बातों पर भड़क जाता है? क्या वह अपशब्दों का इस्तेमाल करता है या दूसरों के सामने आपको नीचा दिखाता है? कई बार लोग इसे सिर्फ 'पार्टनर का गुस्सा' या 'स्वभाव' मानकर छोड़ देते हैं। लेकिन याद रखिए, शादी के बाद यही आदत बड़े और गंभीर विवादों की जड़ बन सकती है।
झूठ बोलना और बातें छिपाना
भरोसा और ईमानदारी किसी भी मजबूत रिश्ते की नींव होती है। अगर आपका होने वाला पार्टनर आपसे अपनी जिंदगी की अहम बातें छिपाता है या अक्सर झूठ बोलता पकड़ा जाता है, तो यह खतरे की घंटी है। रिश्ते में पारदर्शिता न होना आगे चलकर विश्वास की बहुत बड़ी कमी पैदा कर सकता है।
हद से ज्यादा शक और रोक-टोक
अगर पार्टनर आपके फोन की जासूसी करता है, आपके सोशल मीडिया पासवर्ड मांगता है या दोस्तों से मिलने-जुलने पर पाबंदी लगाता है, तो इसे 'प्यार' समझने की गलती न करें। यह अत्यधिक जलन, असुरक्षा की भावना और आपको पूरी तरह से कंट्रोल करने की मानसिकता का संकेत है।
पैसों के मामले में पारदर्शिता न होना
शादी के बाद एक खुशहाल जिंदगी के लिए आर्थिक मामलों में स्पष्टता होना बहुत जरूरी है। अगर आपका पार्टनर अपनी आमदनी, कर्ज या खर्चों के बारे में खुलकर बात करने से बचता है, तो यह शादी के बाद आपके जीवन में बहुत बड़ा आर्थिक और मानसिक तनाव ला सकता है।
अपनी गलतियों का दोष दूसरों पर मढ़ना
एक सफल शादी के लिए दोनों पार्टनर्स में समझदारी और जिम्मेदारी का होना जरूरी है। अगर आपका होने वाला जीवनसाथी कभी अपनी गलती नहीं मानता और हमेशा दूसरों को ही दोष देता है, तो समझ लीजिए कि उसमें मैच्योरिटी की कमी है। ऐसे इंसान के साथ समस्याओं का मिलकर समाधान निकालना बहुत मुश्किल हो जाता है।
सही समय पर खुलकर करें बात
एक्सपर्ट का मानना है कि शादी से पहले इन 'रेड फ्लैग्स' को पहचानने का मतलब यह कतई नहीं है कि आप तुरंत रिश्ता तोड़ दें। इसका असली मकसद रिश्ते को बेहतर ढंग से समझना है।
आपसी सम्मान, भरोसा और खुलकर बातचीत करना एक मजबूत रिश्ते की पहचान है। अगर आपको अपने पार्टनर में इनमें से कोई भी संकेत नजर आता है, तो उसे इग्नोर करने के बजाय समय रहते उस पर खुलकर चर्चा करें। आपका आज का उठाया गया कदम आपके आने वाले कल को सुरक्षित बना सकता है।