Miss World 2026 Winner: खूबसूरती ही नहीं, दिमाग से भी जीता दुनिया का दिल! जानिए कौन हैं विश्व सुंदरी 'जोहेरी मोला'
वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब रिपब्लिक की जोहेरी मोला ने जीता।

किसके सिर सजा मिस वर्ल्ड 2026 का ताज? (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। वियतनाम के न्हा ट्रांग (Nha Trang) शहर में आयोजित मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला (Joheirry Mola) ने ये ताज अपने नाम कर लिया। इस प्रतियोगिता में 110 देशों की प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें पीछे छोड़ते हुए जोहेरी ने इस ताज को अपने नाम किया।
मिस वर्ल्ड 2026 की फर्स्ट रनर-अप स्पेन की एलिजाबेथ रेन्स (Elisabeth Reyns) रहीं और मलेशिया की तानूसिया चेट्टी (Taanusiya Chetty) सेकंड रनर-अप बनीं। जोहरी को मिस वर्ल्ड का ताज पूर्व मिस वर्ल्ड रह चुकी ओपाल सुचाता चुआंगस्री ने पहनाया, जिन्होंने 2025 में ये खिताब अपने नाम किया था।
कौन हैं जोहेरी मोला?
जोहेरी मोला जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही टैलेंटेड भी हैं। वो एक एजुकेटर, कम्युनिटी एडवोकेट, कम्युनिकेटर और प्रोफेशनल मॉडल हैं। मिस वर्ल्ड की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने यूनिवर्सिडाड इबेरोअमेरिकाना से 'बिजनेस मैनेजमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन' में डिग्री हासिल की है।
सोशल वर्क में भी उनकी काफी रुचि है। वह वॉइसेस ऑफ टुमारो की फाउंडर और प्रेसिडेंट हैं, जो पिछड़े समुदाय के बच्चों को अंग्रेजी सिखाता है। एक एजुकेटर के तौर पर वो अंग्रेजी साहित्य और सोशल स्टडीज पढ़ाती हैं, जिसमें बच्चों की क्रिटिकल थिंकिंग को बढ़ावा देने की कोशिश की जाती है।
जोहरी का मीडिया के क्षेत्र में भी अच्छा अनुभव रहा है। उन्होंने यूनिविजन न्यूयॉर्क के शो वेन्टाना ए क्विसकेया के लिए कॉरेसपॉन्डेंट के तौर पर काम किया है। इस दौरान उन्होंने डोमिनिकन संस्कृति, सामुदायिक कहानियों और सामाजिक मुद्दों को बहुत ही बखूबी सभी के सामने पेश किया। इसके साथ ही वो गोया गिव्स की एंबेसडर भी हैं।
निकिता पोरवाल थीं भारत की प्रतिनिधि
मिस वर्ल्ड 2026 के मंच पर भारत का प्रतिनिधि मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल कर रही थीं। हालांकि, वो टॉप 40 तक तो पहुंची, लेकिन टॉप 20 में अपनी जगह नहीं बना पाईं। इस बारे में मिस इंडिया आर्गनाइजेशन ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि निकिता पोरवाल ने टॉप 40 में पहुंचकर मिस वर्ल्ड के 73वें सफर का समापन किया। मिस वर्ल्ड के लगातार पांच संस्करणों में भारत को शीर्ष स्थान पर पहुंचाने के शानदार रिकॉर्ड को उन्होंने बरकरार रखा।
