बिना मेहनत किए भी गर्मी में क्यों आने लगते हैं चक्कर, क्या है इस मौसम में अचानक थकान होने की वजह?
गर्मी के मौसम में कई बार ऐसा महसूस होता है कि अचानक से थकान महसूस होने लगी है। गर्मी का शरीर पर काफी प्रभाव पड़ता है। ...और पढ़ें

गर्मी में अचानक थकान की वजह (Picture Courtesy: Freepik)
HighLights
गर्मी में थकान का मुख्य कारण डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी
शरीर का तापमान नियंत्रित करने में अधिक ऊर्जा खर्च होती है
पर्याप्त पानी पिएं, हल्का भोजन करें और धूप से बचाव करें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में गर्मी का मौसम सिर्फ चिलचिलाती धूप ही नहीं, बल्कि भीषण उमस भी लेकर आता है, जो किसी का भी हाल बेहाल करने के लिए काफी है। इस मौसम में न सिर्फ हम पसीने से तरबतर रहते हैं, बल्कि अंदरूनी तौर पर भी खुद को बेहद थका हुआ और कमजोर महसूस करते हैं।
कई बार तो बिना कोई भारी शारीरिक मेहनत किए ही सुस्ती छाने लगती है और चक्कर आने जैसा अनुभव होता है। आखिर गर्मी के दिनों में शरीर में अचानक यह कमजोरी क्यों आ जाती है? आइए डॉ. राजीव चौधरी (इंटरनल मेडिसिन, यथार्थ सुपर स्पेशेलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर 20 फरीदाबाद) से इसके पीछे के कारण समझते हैं।
डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी
गर्मियों में कमजोरी का सबसे बड़ा कारण डिहाइड्रेशन है। शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए हमें पसीना आता है। पसीने के जरिए केवल पानी ही बाहर नहीं निकलता, बल्कि शरीर के जरूरी मिनरल्स जैसे सोडियम और पोटेशियम भी बह जाते हैं। ये मिनरल्स हमारी मांसपेशियों और नर्वस के फंक्शन के लिए जरूरी हैं। इनकी कमी से ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है, जिससे थकान और चक्कर आने लगते हैं।
-1778660220955.jpg)
(Picture Courtesy: Freepik)
शरीर का ओवरवर्क करना
बाहरी तापमान बढ़ने पर हमारे शरीर को अपने अंदर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। दिल को तेजी से पंप करना पड़ता है ताकि त्वचा की सतह तक ब्लड पहुंच सके और पसीने के जरिए ठंडक मिल सके। इस एक्स्ट्रा एनर्जी की खपत के कारण हम बहुत जल्दी थकान महसूस करने लगते हैं।
खबरें और भी
खान-पान में बदलाव और लो ब्लड शुगर
गर्मी के कारण अक्सर भूख कम हो जाती है। लोग भारी खाने के बजाय केवल लिक्विड पर निर्भर रहने लगते हैं या समय पर खाना छोड़ देते हैं। इससे शरीर में ब्लड शुगर लेवल गिर सकता है, जो अचानक आई कमजोरी का एक कारण है।
कुछ हेल्थ कंडीशन
जो लोग पहले से ही डायबिटीज, एनीमिया, लो ब्लड प्रेशर या थायरॉइड जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, उन्हें गर्मी का असर कहीं ज्यादा तेजी से होता है। धूप में ज्यादा समय बिताने से उनकी स्थिति और बिगड़ सकती है।
गर्मी की कमजोरी से कैसे बचें?
इस मौसमी थकान से निपटने के लिए आपको कुछ छोटे बदलाव करने की जरूरत है-
- हाइड्रेशन का ध्यान रखें- दिन भर में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। सादे पानी के अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का घोल बेहतरीन ऑप्शन हैं, क्योंकि ये इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करते हैं।
- हल्का और पौष्टिक खाना- एक बार में भारी खाना खाने के बजाय थोड़े-थोड़े समय के गैप पर हल्का खाना खाएं। ताजे फल, जैसे- तरबूज, खरबूजा, संतरा और कच्ची सब्जियां, जैसे- खीरा, ककड़ी आदि खाएं जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है।
- धूप से बचाव- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, जब सूरज की किरणें सबसे तेज होती हैं, बाहर निकलने से बचें। अगर निकलना जरूरी हो, तो सूती कपड़े पहनें और सिर को ढक कर रखें।
- पूरी नींद- गर्मी के कारण नींद में खलल पड़ सकता है, जिससे शरीर को रिकवर होने का समय नहीं मिलता। कोशिश करें कि आप 7-8 घंटे की नींद लें।