सिर्फ गला नहीं, आपके 'हार्ट' को भी सुखा देती है पानी की कमी! एक्सपर्ट ने बताया कैसे चुपचाप हमला करता है डिहाइड्रेशन
पानी कम पीते हैं तो गर्मी में दिल पर भारी पड़ सकती है आपकी यह भूल, आइए जानें डिहाइड्रेशन से जुड़ा सच।

डिहाइड्रेशन के नुकसान (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्म और उमस वाले मौसम में पसीना जरूरत से ज्यादा आता है। हालांकि, पसीना हमारे शरीर का खुद को ठंडा रखने का एक प्रोसेस है, लेकिन बिना हाइड्रेशन के ज्यादा पसीना आना शरीर में पानी की कमी कर सकता है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इससे सिर्फ शरीर में पानी की कमी ही नहीं होती, बल्कि थकान के होने के साथ दिल पर बुरा प्रभाव भी पड़ता है। आइए इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल आगरा में सलाहकार डॉ. नीरज कुमार से इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
डिहाइड्रेशन के नुकसान
अगर आपको ऐसा लगता है कि डिहाइड्रेशन से सिर्फ शरीर में पानी की कमी होती है तो यह जानकारी अधूरी है। आइए एक्सपर्ट से जानें इससे शरीर को और क्या नुकसान हो सकते हैं:
जरूरी मिनरल्स की कमी
जब पसीना निकलता है तो इससे शरीर से पानी के साथ खास पोषक तत्व जैसे- सोडियम और पोटेशियम भी बाहर निकल जाते हैं। ये पोषक तत्व दिल की धड़कन नियमित रखने, मसल्स और नसों को ठीक से काम करने में मदद करते हैं। ठीक से पानी न पीने की स्थिति में शरीर से ये मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं, जिसका मतलब है कि दिल को पूरे शरीर में ब्लड पंप करने में ज्यादा मेहनत करनी होगी।
कम ब्लड सर्कुलेशन
डिहाइड्रेशन का दूसरा प्रभाव ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ता है। जब शरीर में ब्लड पंप ठीक से नहीं होता तो शरीर के बाकी जरूरी हिस्सों तक ऑक्सीजन सप्लाई नहीं होती। नतीजतन, हार्ट तेजी से ब्लड पंप करने लगता है, जिसकी दिल की धड़कन बढ़ने लगती है। यह स्थिति हीटस्ट्रोक और गर्मी से होने वाली थकावट को बढ़ा देती है। इसमें भी खासकर, बुजुर्गों, बच्चों, दिल के मरीजों और लंबे समय तक बाहर रहने वाले लोगों को ज्यादा खतरा रहता है।
गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ाए
ज्यादा प्यास लग्न, मुंह का सूखना, यूरिन का गहरा पीला रंग, सिर दर्द, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और दिल की धड़कन का बढ़ना डिहाइड्रेशन के कुछ सामान्य संकेत हैं। इन लक्षणों को अगर अनदेखा किया जाए तो इससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
डिहाइड्रेशन से कैसे बचें?
शरीर में पानी की कमी से बचा जा सकता है। इसके लिए जब प्यास न भी लगे तब भी पानी पीते रहना चाहिए।
अगर आप ऐसा कोई काम करते हैं जिसमें ज्यादा पसीना आता है या फिर एक्सरसाइज करते हैं तो ओरल रिहाइड्रेशन सोल्यूशन और इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक समय-समय पर पीते रहने चाहिए।
हल्के कपड़े पहनें और दोपहर में धूप के सीधे संपर्क में आने से बचें।
खाने में ऐसी चीजें शामिल करें जिनमें अच्छी खासी मात्रा में हो, जैसे- तरबूज, खीरा और संतरे।
