विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस जन्माष्टमी घर पर झटपट बनाएं कान्हा का मनपसंद माखन-मिश्री भोग, बाजार से खरीदने की नहीं है जरूरत

Published: Thu, 03 Sep 2026 04:09 PM (IST)

इस आर्टिकल में आप 4 सितंबर को मनाई जाने वाली कृष्ण जन्माष्टमी के खास मौके पर जानेंगे, कान्हा के प्रिय ...और पढ़ें

मिनटों में परफेक्ट 'माखन-मिश्री' तैयार करने की सबसे आसान विधि (Image Source: AI-Generated)

मिनटों में परफेक्ट 'माखन-मिश्री' तैयार करने की सबसे आसान विधि (Image Source: AI-Generated) 

HighLights

  1. जन्माष्टमी पर कान्हा के लिए घर पर शुद्ध माखन-मिश्री बनाएं

  2. ताजी मलाई और ठंडे पानी से झटपट तैयार करें भोग

  3. भगवान कृष्ण के भोग में तुलसी के पत्ते जरूर रखें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कृष्ण जन्माष्टमी का पावन त्योहार आने वाला है और हर तरफ नंदलाल के जन्म की तैयारियां जोरों पर हैं। कान्हा के जन्मदिन पर मंदिरों से लेकर घरों तक, भगवान को तरह-तरह के छप्पन भोग लगाए जाते हैं। हालांकि, हम सब जानते हैं कि हमारे नन्हें बाल गोपाल का सबसे पसंदीदा भोग 'माखन-मिश्री' ही है (Makhan Mishri Recipe)।

अक्सर लोग जल्दबाजी में इसे बाजार से खरीद लाते हैं, लेकिन जो बात आपके हाथों से बने शुद्ध माखन में है, वो बाजार की मिलावटी चीजों में कहां? सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है।

आपको इसके लिए घंटों रसोई में पसीना बहाने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। बस कुछ ही मिनटों में, आपके घर की ताजा मलाई से भगवान का यह प्रिय भोग तैयार हो जाएगा। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका (Easy Makhan Mishri Bhog Recipe)।

जरूरी सामग्री

  • 1 से 2 कप दूध की ताजा मलाई
  • 2-3 बड़े चम्मच मिश्री (छोटे टुकड़ों वाली)
  • आधा गिलास एकदम ठंडा पानी या बर्फ के कुछ टुकड़े
  • 4-5 तुलसी के पवित्र पत्ते

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन या मिक्सी के जार में दूध से निकाली हुई ताजा मलाई लें। कोशिश करें कि मलाई 2-3 दिन से ज्यादा पुरानी न हो, ताकि माखन में कोई खटास या महक न आए।
  • अब इस मलाई में बर्फ के कुछ टुकड़े या एकदम चिल्ड पानी डाल दें। माखन निकालते समय ठंडे पानी का इस्तेमाल बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे माखन जल्दी बंधकर ऊपर आ जाता है।
  • अगर आप मिक्सी का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसे 2-3 मिनट के लिए चलाएं। अगर आप मथानी से हाथों से मथ रहे हैं, तो इसे तब तक फेंटें जब तक कि सफेद मक्खन ऊपर तैरने न लगे और पानी अलग न हो जाए।
  • अब अपने साफ हाथों से इस मुलायम सफेद माखन को इकट्ठा करके एक गोल पेड़ा सा बना लें और अलग कटोरी में निकाल लें। आप चाहें तो इसे एक बार साफ ठंडे पानी से हल्के हाथों से धो सकते हैं, ताकि बची हुई छाछ पूरी तरह निकल जाए।
  • आपका शुद्ध सफेद माखन तैयार है। अब इसमें मिश्री के दाने मिला दें। भगवान के भोग में सबसे जरूरी चीज है 'तुलसी'। माखन-मिश्री के ऊपर तुलसी के पत्ते जरूर रखें, क्योंकि शास्त्रों के अनुसार, तुलसी के बिना कान्हा कोई भी भोग स्वीकार नहीं करते हैं।
  • लीजिए, झटपट तैयार हो गया आपके बाल गोपाल का सबसे प्रिय माखन-मिश्री भोग।

यह भी पढ़ें- धनिये की पंजीरी और रसभरे मालपुआ… जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के भोग के लिए बनाएं ये स्वादिष्ट प्रसाद

यह भी पढ़ें- इस जन्माष्टमी कान्हा को लगाएं कुछ खास भोग, घर पर बेक करें पंचामृत केक; आसान है रेसिपी