हनुमान जन्मोत्सव पर भोग लगाने के लिए बनाएं शुद्ध और स्वादिष्ट मोतीचूर के लड्डू, बहुत आसान है रेसिपी
हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर भोग के लिए मोतीचूर के लड्डू भी बना सकते हैं, जिसकी विधि काफी आसान है। ...और पढ़ें

हनुमान जन्मोत्सव के लिए बनाएं मोचीचूर के लड्डू (AI Generated Image)
HighLights
हनुमान जन्मोत्सव इस साल 2 अप्रैल को मनाया जाएगा
मोतीचूर के लड्डू हनुमान-जी के प्रिय भोग में से एक माना जाता है
घर पर मोतीचूर के लड्डू बनाने की रेसिपी काफी आसान है
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हनुमान जन्मोत्सव देश भर में बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ 2 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस दिन हनुमान मंदिरों में भंक्तों का तांता लगा रहता है। हनुमान-जी के प्रिय भोग में मोतीचूर के लड्डू भी शामिल हैं।
केसरिया रंग के ये छोटे-छोटे दानों वाले लड्डू न केवल देखने में आकर्षक होते हैं, बल्कि स्वाद में भी लाजवाब होते हैं। इस शुभ अवसर पर अगर आप घर पर ही शुद्ध तरीके से मोतीचूर के लड्डू बनाना चाहते हैं, तो आइए जानें इसकी आसान रेसिपी।
सामग्री
- बेसन- 2 कप
- चीनी- 1.5 कप (चाशनी के लिए)
- देसी घी- तलने के लिए
- खरबूजे के बीज- 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- केसरिया फूड कलर- एक चुटकी
- केसर के धागे- 7-8
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन को छान लें ताकि उसमें गुठलियां न रहें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक पतला और चिकना घोल तैयार करें।
- ध्यान रहे कि घोल न तो बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत ज्यादा पानी जैसा। इसमें एक चुटकी केसरिया रंग मिला दें ताकि बूंदी का रंग सुंदर आए।
- अब एक गहरी कड़ाही में देसी घी गरम करें। मोतीचूर के लड्डू के लिए बहुत बारीक छेद वाले झारे की जरूरत होती है। जब घी अच्छी तरह गरम हो जाए, तो झारे को कड़ाही से थोड़ा ऊपर रखें और बेसन का घोल उस पर डालें।
- झारे को हल्का-हल्का ठोकें जिससे छोटी-छोटी मोती जैसी बूंदी घी में गिरे। इन्हें बस कुछ ही सेकंड तक तलें और तुरंत निकाल लें। ध्यान रखें कि बूंदी को ज्यादा सख्त न हो।
- इसके बाद एक दूसरे पैन में चीनी और एक कप पानी डालकर गर्म करें। इसमें इलायची पाउडर और केसर के धागे डाल दें। हमें एक तार की चाशनी नहीं बनानी है, बस इतनी कि वह थोड़ी चिपचिपी हो जाए। इसमें थोड़ा सा केसरिया रंग और मिला दें।
- अब तैयार की हुई बूंदी को चाशनी में डालें। इसमें खरबूजे के बीज भी मिला दें। धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं ताकि बूंदी चाशनी को अच्छी तरह सोख ले और नरम हो जाए। इसके बाद आंच बंद कर दें और मिश्रण को ढककर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें।
- जब मिश्रण हल्का गर्म रह जाए, तब हाथों पर थोड़ा सा घी लगाएं और हथेली पर रखकर गोल-गोल लड्डू बना लें। शुद्ध और स्वादिष्ट मोतीचूर के लड्डू तैयार हैं।