"रात को चावल मत खाओ, वरना मोटे हो जाओगे!" - यह सच्चाई है या सिर्फ एक वहम? डॉक्टर ने दिया जवाब
क्या वाकई रात के समय चावल खाना मोटापे को दावत देना है? या फिर यह केवल एक वहन है, जिसे हम सालों से आंख मूंदकर सच मानते आ रहे हैं? ...और पढ़ें

क्या रात में चावल खाने से सच में वजन बढ़ता है? (Image Source: AI-Generated)
HighLights
वजन बढ़ना कुल कैलोरी और शारीरिक मेहनत पर निर्भर
ब्राउन राइस फाइबर रिच, पेट को भरा रखते हैं
संतुलित मात्रा में चावल खाने से वजन नहीं बढ़ता
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय घरों में अक्सर एक बात सुनने को मिलती है- "रात में चावल न खाओ, वजन बढ़ जाएगा!" जो लोग अपना वजन कम करने की कोशिश कर रहे होते हैं, वे तो अक्सर डिनर में चावल से पूरी तरह तौबा कर लेते हैं, लेकिन क्या सच में रात के समय चावल खाना मोटापे को दावत देना है? या फिर यह पीढ़ियों से चली आ रही सिर्फ एक गलतफहमी है?
दिल्ली के मैक्योर एंड आस्था अस्पताल के जनरल फिजिशियन, डॉ. प्रतीक कुमार ने इस आम धारणा के पीछे का विज्ञान साफ किया है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि सच्चाई क्या है।

(Image Source: AI-Generated)
वजन बढ़ने का असली कारण क्या है?
डॉक्टर के अनुसार, आपका वजन बढ़ना या कम होना किसी एक खास चीज को खाने पर निर्भर नहीं करता है। यह पूरी तरह से इस बात पर टिका है कि आपने दिन भर में कुल कितनी कैलोरी ली है और आप कितनी शारीरिक मेहनत करते हैं। अगर आप अपनी जरूरत से ज्यादा कैलोरी खा रहे हैं, तो आपका वजन बढ़ेगा ही- फिर चाहे वह कैलोरी चावल से मिल रही हो या किसी और खाने से। इसलिए, सिर्फ रात में चावल खाने को मोटापे का सीधा जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
तो फिर चावल को विलेन क्यों माना जाता है?
चावल में भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट होता है, जो हमारे शरीर को एनर्जी देता है। जब हम रात को खाना खाते हैं, तो उसके बाद हमारी फिजिकल एक्टिविटी बहुत कम हो जाती है। ऐसे में अगर आप बहुत ज्यादा मात्रा में चावल खा लेते हैं और आपकी दिन भर की कैलोरी लिमिट भी पार हो जाती है, तो वह अतिरिक्त ऊर्जा शरीर में फैट के रूप में जमा होने लगती है। बस इसी वजह से लोगों के मन में यह बात बैठ गई है कि रात को चावल खाने से मोटापा बढ़ता है।

(Image Source: AI-Generated)
सिर्फ चावल नहीं, चावल की किस्म भी है जरूरी
यह जानना भी बहुत जरूरी है कि हर तरह के चावल एक जैसे नहीं होते। सफेद चावल के मुकाबले ब्राउन राइस या कम पॉलिश वाले चावलों में फाइबर की मात्रा काफी ज्यादा होती है। फाइबर की वजह से आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है।
खबरें और भी
इसके अलावा, अगर आप चावल को दाल, ढेर सारी सब्जियों और प्रोटीन वाली चीजों के साथ मिलाकर खाते हैं, तो यह एक संतुलित आहार बन जाता है। ऐसा करने से ब्लड शुगर लेवल भी स्थिर रहता है और आप जरूरत से ज्यादा खाने से बच जाते हैं।
पाचन और नींद पर चावल का असर
हर इंसान का शरीर अलग होता है। कुछ लोगों के लिए रात में चावल खाना पचने में बहुत आसान होता है और इससे उन्हें काफी अच्छी नींद भी आती है। वहीं दूसरी तरफ, कुछ लोगों को ज्यादा चावल खाने के बाद पेट में भारीपन लग सकता है। इसका सीधा-सा मतलब है कि चावल का असर हर व्यक्ति के पाचन तंत्र, उसकी लाइफस्टाइल और सेहत के हिसाब से अलग-अलग होता है।
संतुलन का है पूरा खेल
रात में चावल खाने से वजन बढ़ने वाली बात पूरी तरह से सच नहीं है। अगर आप नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं, दिन भर की कैलोरी का हिसाब रखते हैं और संतुलित मात्रा में चावल खाते हैं, तो रात का चावल आपका वजन नहीं बढ़ाएगा।
वजन कंट्रोल करने के लिए आप किस समय खाना खा रहे हैं, इससे ज्यादा यह मायने रखता है कि आप कितना खा रहे हैं, कैसा खाना खा रहे हैं और आपकी पूरी लाइफस्टाइल कैसी है। इसलिए, सही मात्रा और संतुलित आहार के रूप में चावल को बेझिझक अपनी डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।