विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेपीएससी आंदोलन के बीच जयपाल सिंह स्टेडियम में एयर गन लेकर पहुंचा युवक, पुलिस ने पकड़ा

Updated: Thu, 13 Aug 2026 02:58 AM (IST)

रांची में जेपीएससी छात्र आंदोलन के दौरान जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पास एक युवक को एयर गन के साथ पकड़ा गया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर उसके इरादों और आंदोलन स्थल पर पहुंचने के कारणों की जांच कर रही है।

HighLights

  1. युवक एयर गन लेकर आंदोलन स्थल के पास पहुंचा।

  2. सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध युवक को खदेड़कर हिरासत में लिया।

  3. पुलिस युवक से एयर गन लाने का उद्देश्य पूछ रही।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से जुड़े छात्र आंदोलन के दौरान रांची के ऐतिहासिक जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक एयर गन लेकर प्रदर्शन स्थल के पास पहुंच गया।

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की नजर युवक पर पड़ते ही उसने भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।

पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया युवक हजारीबाग जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक छात्र आंदोलन स्थल पर एयर गन लेकर किस उद्देश्य से पहुंचा था और उसके पीछे कोई अन्य मंशा तो नहीं थी।

पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ के बीच एक युवक संदिग्ध स्थिति में एयर गन के साथ दिखाई दिया।

जैसे ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी और वे उसकी ओर बढ़े, युवक घबराकर मौके से भागने लगा। युवक के भागने से वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में जुटी पुलिस

पुलिस युवक को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि युवक आंदोलन में शामिल था या किसी अन्य उद्देश्य से वहां पहुंचा था।

साथ ही एयर गन लेकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- रांची में छात्रों के बीच पहुंचे पूर्व CM रघुवर दास, बोले- 1 सप्ताह में मांगे पूरी नहीं हुई तो करूंगा अनशन