विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में छात्र आंदोलन पर अलर्ट, मुख्यमंत्री आवास छावनी में तब्दील; 100 से अधिक अतिरिक्त जवान तैनात

Updated: Thu, 13 Aug 2026 07:12 AM (IST)

रांची में छात्र आंदोलन के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जहां 100 से अधिक अतिरिक्त जवान तैनात हैं।

सीएम हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)

सीएम हेमंत सोरेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री आवास के पास सुरक्षा कड़ी, 100 से अधिक जवान तैनात।

  2. छात्र आंदोलन के कारण प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्ट।

  3. पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही, शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में छात्र आंदोलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 100 से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री आवास तक प्रदर्शनकारियों को पहुंचने से रोकने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्ट

सुरक्षा कारणों से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। प्रशासन ने कई रूटों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर आने-जाने वाले मार्ग को भी डायवर्ट किया गया है। अचानक यातायात व्यवस्था में बदलाव के कारण कचहरी चौक समेत आसपास के कई इलाकों में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही।

कार्यालय, स्कूल और कालेज जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय अलर्ट

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय भी सतर्क है। शहर के संवेदनशील चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इसके अलावा सादे लिबास में भी पुलिस और खुफिया विभाग के जवानों को तैनात किया गया है, जो स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी आंदोलन और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रशासन ने आंदोलनरत छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- जेपीएससी आंदोलन के बीच जयपाल सिंह स्टेडियम में एयर गन लेकर पहुंचा युवक, पुलिस ने पकड़ा