Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    BJP के झारखंड बंद को लेकर हाई अलर्ट पर रांची पुलिस, 3000 जवान तैनात, कंट्रोल रूम से रखी जाएगी नजर

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 06:58 AM (IST)

    झारखंड बंद के मद्देनजर रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है, जिसमें छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने बंद का आह्वान किया है। ...और पढ़ें

    अलर्ट पर रहेगी पुलिस। (ANI)

    अलर्ट पर रहेगी पुलिस। (ANI)

    HighLights

    1. रांची पुलिस झारखंड बंद को लेकर हाई अलर्ट पर।

    2. राजधानी में 3000 पुलिसकर्मी तैनात, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।

    3. संवेदनशील इलाकों और छात्र आंदोलनों पर विशेष निगरानी।

    जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड बंद के एलान के बाद रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है। भाजपा की ओर से छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बंद का आह्वान किया गया है।

    बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

    रांची पुलिस की नजर खास तौर पर जयपाल सिंह स्टेडियम में मौजूद छात्रों पर भी है। पुलिस को आशंका है कि बंद के दौरान छात्र आंदोलन को लेकर शहर में कहीं भी स्थिति बिगड़ सकती है। इसे देखते हुए जयपाल सिंह स्टेडियम से लेकर विधानसभा तक सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है।

    पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।

    पुलिस की कोशिश है कि बंद के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य रहे और सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों के संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आए। किसी भी स्थान पर भीड़ जुटने या प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है।

    पूरी गतिविधि पर रखी जाएगी नजर

    रांची पुलिस की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। सिटी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी संवेदनशील इलाकों और भीड़ वाले स्थानों की निगरानी की जाएगी।

    पुलिस अधिकारियों को लगातार स्थिति की समीक्षा करने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

    बंद को देखते हुए रांची में करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। इनमें जिला पुलिस के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बल भी शामिल रहेगा।

    शांतिभंग करने पर होगी कार्रवाई

    पुलिसकर्मियों की तैनाती इस तरह की गई है कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बल पहुंचाया जा सके। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मानिटरिंग रांची के एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- झारखंड में दिनभर चला हाईवोल्टेज ड्रामा: लाठीचार्ज से आंसू गैस और विधानसभा तक पहुंचा मार्च, पूरा अपडेट