रांची के 53 वार्डों में ओपन जिम की तैयारी शुरू, मोरहाबादी के वेंडरों का नया ठिकाना होगा टैगोर हिल
रांची में 53 वार्डों में ओपन जिम स्थापित करने की योजना शुरू हुई, जिसकी शुरुआत एयरपोर्ट कॉलोनी से होगी। साथ ही, मोरहाबादी के सब्जी विक्रेताओं को टैगोर ...और पढ़ें

महापौर और उपमहापौर ने ओपन जिम के लिए प्रस्तावित स्थलों का किया निरीक्षण।
HighLights
राजधानी रांची के 53 वार्डों में बनेंगे ओपन जिम।
एयरपोर्ट कॉलोनी से होगी ओपन जिम की शुरुआत।
मोरहाबादी वेंडरों को टैगोर हिल पर नया वेंडिंग जोन।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी के हर वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने की योजना अब धरातल पर उतरने लगी है। बुधवार को सांसद संजय सेठ, महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर ने एयरपोर्ट कालोनी स्थित प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।
यह निरीक्षण नगर निगम की उस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत है, जिसके तहत शहर के सभी 53 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। गौरतलब है कि हाल ही में नगर निगम परिषद की बैठक में सांसद संजय सेठ ने प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित कराने की घोषणा की थी।
इसी घोषणा के क्रियान्वयन के तहत अधिकारियों ने एयरपोर्ट कालोनी में उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की तैयारियों पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान सांसद संजय सेठ ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होगी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम केवल मूलभूत नागरिक सुविधाओं तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि शहरवासियों को बेहतर जीवनशैली उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उनके अनुसार प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित होने से लोगों को घर के समीप ही व्यायाम की आधुनिक सुविधा मिलेगी और 'स्वस्थ रांची, सशक्त रांची' के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
मोरहाबादी से हटे सब्जी विक्रेताओं को टैगोर हिल के पास बसाया जाएगा
मोरहाबादी मैदान से हटाए गए सब्जी विक्रेताओं के पुनर्वास की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर ने टैगोर हिल के समीप लगभग 45 डिसमिल गैरमजरूआ भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया।
खबरें और भी
नगर निगम इस स्थल को नए वेंडिंग जोन के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है, ताकि मोरहाबादी से हटाए गए वेंडरों को स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान महापौर और उपमहापौर ने वेंडरों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सुने।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी भी वेंडर की आजीविका प्रभावित करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराना है। इससे जहां वेंडरों को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं शहर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण भी बेहतर होगा। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद वेंडरों ने नगर निगम की पहल का स्वागत किया।
कई वेंडरों ने प्रस्तावित स्थल पर दुकान लगाने की सहमति भी जताई और इसे आजीविका की सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।महापौर ने कहा कि विकास और आजीविका दोनों साथ-साथ चलें, यही नगर निगम की प्राथमिकता है।
प्रत्येक पात्र वेंडर को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रस्तावित वेंडिंग स्थल पर जल्द ही सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय समेत अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ताकि वेंडर बिना किसी परेशानी के अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। निरीक्षण के दौरान सहायक प्रशासक, नगर अभियान प्रबंधक, प्रवर्तन पदाधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- राजधानी रांची में 80 से अधिक नए ग्रीन पैच विकसित करने की तैयारी, 52 नए स्थलों की पहचान