झारखंड विधानसभा की चौखट तक पहुंचा आंदोलन, छात्रों ने तोड़ी 8 लेवल की बैरिकेडिंग; बेबस दिखी रांची पुलिस
रांची में जेपीएससी परीक्षा में धांधली के खिलाफ छात्रों का विशाल प्रदर्शन हुआ, जिसमें पुलिस से झड़प के बाद वे विधानसभा तक पहुंच गए। ...और पढ़ें
-1786370546711_m.webp)
झारखंड प्रोटेस्ट। (जागरण)
HighLights
छात्रों ने जेपीएससी परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुलिस से झड़प के बाद छात्र विधानसभा तक पहुंचने में सफल रहे।
भाजपा नेताओं सहित कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।
राज्य ब्यूरो, रांची। जेपीएससी की परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी का विरोध कर रहे झारखंड के विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले छात्रों का सैलाब सोमवार को रांची में उमड़ा।
विरोध प्रदर्शन किया, पुलिस व छात्रों के बीच हल्की झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों की ओर से पत्थर चले तो पुलिस ने लाठियां भी भांजी। इसमें दोनों तरफ से दर्जनभर चोटिल भी हुए।
पुलिस की आरे से आंशू गैस के गोले चले, वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार भी डाली गई। कंटीले तारों की आठ बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए हजारों प्रदर्शनकारी छात्र जगन्नाथपुर मंदिर परिसर स्थित जंगल के रास्ते, पगडंडियों, खेतों से होते हुए विधानसभा पहुंच गए।
इस क्रम में जहां-तहां लगे पुलिस के कैनोपी को भी उखाड़ फेंका, सड़क किनारे के बैरियर को भी पलटा। छात्रों ने जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। वे मुख्यमंत्री से वार्ता पर अड़े रहे। वे जेपीएससी की परीक्षाओं को रद करने, आयोग को रिफार्म करने व सीबीआई से जांच की मांग करते रहे।
-1786369888894.webp)
भारी बारिश के बीच भी छात्र मौके पर डटे रहे। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस बेबस नजर आई। पुलिस की सभी तैयारियां धरी रह गईं।
इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों के समर्थन में भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भी सामने आए और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के क्रम में अपनी गिरफ्तारी भी दी।
पुलिस ने झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित भाजपा के सभी 21 विधायकों व करीब 50 से ज्यादा नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। हिरासत में लिए गए नेताओं को खेलगांव स्थित कैंप जेल ले जाया गया था।
एंबुलेंस से धरनास्थल पहुंचे थे छात्र नेता देवेंद्र महतो
छात्र नेता देवेंद्र महतो जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित धरना स्थल से एंबुलेंस से प्रदर्शन स्थल जगन्नाथपुर मंदिर पहुंचा था।
-1786369993775.webp)
वहां प्रदर्शन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने देवेंद्र महतो को एंबुलेंस से ही अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चोटिल छात्रों को भी पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ।
यह पहली बार था, जब विधानसभा के इतने करीब पहुंचे थे प्रदर्शनकारी
झारखंड के इतिहास में यह पहली बार था, जब झारखंड विधानसभा के इतने करीब प्रदर्शनकारी पहुंच गए थे। अमूमन प्रदर्शनकारियों को जगन्नाथपुर मंदिर के पास ही रोका जाता रहा है।
खबरें और भी
प्रत्येक विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा में तैनात जवान वहां से किसी भी प्रदर्शनकारी को आगे नहीं बढ़ने देते थे। जगन्नाथपुर मंदिर से विधानसभा की दूरी करीब दो किलोमीटर है।
इसी दो किलोमीटर के बीच पांच बैरियर लगा था। छात्रों ने सभी बैरियर व सभी बाधाओं को तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करते हुए विधानसभा तक पहुंचे थे। यह ऐतिहासिक था, जब छात्र वहां तक पहुंच गए थे।
मुख्य बातें
- सुबह नौ बजे से पुराना विधानसभा के पास जुटने लगे थे छात्र। वहां से पैदल ही विधानसभा की ओर कूच की, तीन बैरिकेडिंग तोड़कर जगन्नाथपुर मंदिर के समीप स्थित धरनास्थल पर पहुंच गए।
- अश्रु गैस के गोले दागने के दौरान राष्ट्रगान गाकर करते रहे विरोध प्रदर्शन, वाटरकैनन से पानी की बौछार के दौरान भी डटे रहे प्रदर्शनकारी।
- तिरंगा के साथ पहुंचे हजारों छात्रों ने जमकर लगाए भारत माता के जयकारे। विरोध प्रदर्शन व मांगों से संबंधित तख्तियों के साथ पहुंचे थे प्रदर्शन कर रहे छात्र।
- जगन्नाथपुर मंदिर स्थित बैरिकेडिंग तोड़ने के बजाय छात्रों का एक गुट जगन्नाथपुर मंदिर के बगल से जंगल-झाड़ व पगडंडियों के रास्ते खेतों में पहुंचे और खेतों से होते हुए विधानसभा तक पहुंच गए।
- दोपहर दो बजे के बाद छात्रों के सभी गुट एक-एक कर उसी पगडंडियों, खेतों के रास्ते से विधानसभा पहुंच गए। देर रात तक भारी बारिश के बीच हजारों छात्र विधानसभा के सामने डटे रहे।
- एडीजी मनोज कौशिक व एसएसपी राकेश रंजन कर रहे थे सुरक्षा बलों का नेतृत्व, भारी संख्या में दंडाधिकारी की भी की गई थी तैनाती।
- ड्रोन से भी निगरानी कर रहे थे पुलिस के जवान, विधानसभा परिसर व उसके बाहर के क्षेत्रों में लगे निषेधाज्ञा वाले क्षेत्र में पहुंचने वाले छात्रों की वीडियोग्राफी भी कराई।