Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'छात्र आंदोलन को हिंसक बनाने में नाकाम रही BJP', JMM महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बोला हमला

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 12:40 AM (IST)

    झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

    विनोद कुमार पांडेय। (फाइल फोटो)

    विनोद कुमार पांडेय। (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. झामुमो ने भाजपा पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।

    2. छात्रों के संयम और प्रशासन की संवेदनशीलता से भाजपा विफल रही।

    3. सरकार संवाद से छात्र मुद्दों का समाधान करने को गंभीर है।

    राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान छात्र संगठनों और पुलिस-प्रशासन ने जिस संयम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति के लिए सराहनीय है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने छात्रों के इस शांतिपूर्ण आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाने और अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के लिए उसे दिग्भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास किया।

    भाजपा की कोशिश थी कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों को पीछे धकेलकर आंदोलन को सरकार के साथ टकराव और राज्य में अशांति की दिशा में ले जाया जाए। लेकिन छात्रों की समझदारी और पुलिस-प्रशासन के संयम के कारण भाजपा अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सकी।

    झामुमो के महासचिव ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा लगातार नकारे जाने के बाद भाजपा राजनीतिक रूप से बौखलाई हुई है।

    अपने राजनीतिक नुकसान की भरपाई के लिए वह अब झारखंड के युवाओं के भविष्य और उनकी चिंताओं को राजनीतिक अस्थिरता का माध्यम बनाने की कोशिश कर रही है।

    युवाओं को दिग्भ्रमित कर राज्य में तनाव और अराजकता का वातावरण तैयार करना भाजपा की इसी राजनीति का हिस्सा है। लेकिन भाजपा को यह समझ लेना चाहिए यह झारखंड है।

    यह वह राज्य है जहां के युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक हैं। यह वह राज्य है जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार युवाओं से संवाद और वार्ता के माध्यम से समाधान की अपील कर रहे हैं। झारखंड की जनता और युवा भाजपा की राजनीतिक साजिश को समझते हैं।

    भाजपा अपने मंसूबे में न कभी कामयाब हुई है और न उसे कामयाब होने दिया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि कुछ छात्र प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट रूप से आशंका जताई है कि कुछ असामाजिक तत्व उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को हिंसक स्वरूप देने
    की कोशिश कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    सरकार ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। लोकतांत्रिक आंदोलन के अधिकार का सम्मान किया जाएगा, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने पूरी कोशिश की कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को हिंसक टकराव में बदला जाए।

    लेकिन यह कोशिश सफल नहीं हो सकी। छात्र संयमित रहे और पुलिस प्रशासन ने भी पूरी संवेदनशीलता, धैर्य और जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभाला।

    सरकार छात्रों के मुद्दों पर गंभीर, वार्ता से समाधान की कोशिश

    झामुमो महासचिव ने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समिति के समक्ष हुई वार्ता को सरकार ने पूरी गंभीरता से लिया है। छात्रों की मांगों और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार ने सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ चर्चा की है तथा अधिकांश मुद्दों के समाधान की दिशा में सहमति और आगे बढ़ने की संभावनाएं बनी हैं।

    सरकार का स्पष्ट मत है कि छात्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान सड़क पर टकराव से नहीं, बल्कि संवाद, विमर्श और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से ही संभव है। भाजपा की कोशिश रही कि शांतिपूर्ण आंदोलन को हिंसक बनाया जाए।

    यह भी पढ़ें- झारखंड में दिनभर चला हाईवोल्टेज ड्रामा: लाठीचार्ज से आंसू गैस और विधानसभा तक पहुंचा मार्च, पूरा अपडेट