झारखंड में 410 बूथों पर मतदाता पंजीकरण शून्य, रांची सहित कई विधानसभाओं की स्थिति चिंताजनक
SIR Jharkhand: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत 410 मतदान केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 जमा नहीं ...और पढ़ें

एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 15 सितंबर तक जमा होगा फार्म-6।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत पूरे राज्य में वर्तमान में 410 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए एक भी नागरिक ने फार्म-6 नहीं जमा किया है। इसमें सबसे खराब स्थिति रांची की है, क्योंकि कुल 410 ऐसे केंद्रों में 227 मतदान केंद्र सिर्फ रांची के हैं।
एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 15 सितंबर तक ही फार्म-6 भरा जाना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार द्वारा एसआईआर के तहत फार्म-6 जमा किए जाने की समीक्षा में यह बात सामने आई कि राज्य के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 410 मतदान केंद्रों पर एक भी फार्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है।
जबकि 9,326 मतदान केंद्रों पर मात्र एक से पांच आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को एसआईआर के तहत नए एवं युवा पात्र भारतीय नागरिकों को फार्म-6 एवं निर्धारित
घोषणा-पत्र के माध्यम से मतदाता सूची में सम्मिलित करने के कार्य में तेजी
लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से तैयार मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संरक्षित किया जाता है, इसलिए कोई भी पात्र भारतीय नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देश दिया कि एक अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरे कर चुके अथवा पूरे करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बीएलओ ‘होम-टू-रोल’ सत्यापन के दौरान घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र युवाओं की पहचान करें तथा स्कूलों, कालेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष अभियान चलाकर ईसीनेट के माध्यम से आनलाइन आवेदन की जानकारी दें।
उन्होंने सभी निर्वाचन पदाधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा 15 सितंबर के भीतर कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
छह जिलों का प्रदर्शन बेहतर, यहां शून्य फार्म-6 वाला एक भी बूथ नहीं दूसरी तरफ, राज्य के छह जिले ऐसे हैं जहां ऐसा कोई भी मतदान केंद्र नहीं है जहां शून्य फार्म-6 जमा हुआ हो। इनमें कोडरमा, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, खूंटी तथा लातेहार सम्मिलित हैं।
कितने मतदान केंद्रों पर प्राप्त हुए कितने फार्म-6
- शून्य फार्म : 410
- एक से पांच फार्म : 9,326
- छह से 10 फार्म : 8,399
- 11 से 20 फार्म : 9,198
- 21 से 30 फार्म : 3,096
- 30 से अधिक फार्म : 1,463
शून्य फार्म वाले अधिक मतदान केंद्रों वाले जिले
जिला - मतदान केंद्र
रांची 217
दुमका 38
देवघर 35
साहिबगंज 28
गढ़वा 22
गिरिडीह 21
अधिक शून्य फार्म-6 वाले विधानसभा क्षेत्र
विधानसभा क्षेत्र - मतदान केंद्र
कांके 133
हटिया 43
भवनाथपुर 22
मांडर 21
शिकारीपाड़ा 20
खिजरी 19
यह भी पढ़ें- SIR Jharkhand: मतदाता पंजीकरण के लिए 3.19 लाख आवेदन जमा, दावा-आपत्ति का करें त्वरित निष्पादन
यह भी पढ़ें- SIR में 13 दस्तावेज नहीं हैं तो घबराएं नहीं, वंशावली और प्रमाण पत्र से दर्ज कराएं आपत्ति; 15 सितंबर तक मौका
