झारखंड में पहली बार होगा रोबोटिक्स फेस्टिवल, छात्रों को मिलेगा नवाचार का मंच
झारखंड में पहली बार रोबोटिक्स फेस्टिवल आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य छात्रों को रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और एआई से जोड़ना है। इसमें 11 श्रेणियों में रोबोट निर ...और पढ़ें
-1773591570651_m.webp)
झारखंड में रोबोटिक्स फेस्टिवल। फोटो एआई जनरेटेड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नीरज अम्बष्ठ, रांची। झारखंड के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में भी आधुनिकतम तकनीक जैसे रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी आदि की पढ़ाई से लेकर नवाचार पर जोर दिया जा रहा है। इस कड़ी में झारखंड में पहली बार रोबोटिक्स फेस्टिवल आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
इसका उद्देश्य रोबोटिक्स, आटोमेशन एवं आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों से राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को जोड़ना है।
इस फेस्टिवल के तहत रोबोट निर्माण की एक प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसे अप्रैल-मई माह में आयोजित करने की तैयारी है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इस रोबोटिक्स फेस्टिवल की रूपरेखा तैयार कर ली है।
इस फेस्टिवल के तहत रोबोट निर्माण की प्रतियोगिता कुल 11 श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में नामांकित होना अनिवार्य होगा।
इसमें अधिकतम पांच सदस्यों की टीम होगी, जो प्रतियोगिता में सम्मिलित होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रत्येक टीम में न्यूनतम दो छात्राओं का होना अनिवार्य होगा।
प्रत्येक टीम को एक समर्पित फैकल्टी द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। विजेता टीम को मार्गदर्शन प्रदान करनेवाले फैकल्टी को भी पुरस्कार के रूप में निर्धारित राशि प्राप्त होगी।
इन चरणों में आयोजित होगी प्रतियोगिता
सबसे पहले प्रतिभागियों को आनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से नवीन रोबोटिक विचारों का आनलाइन प्रस्तुतीकरण करना होगा। दूसरे चरण में विशेषज्ञों की टीम द्वारा उन विचारों का मूल्यांकन कर 120 टीमों का चयन किया जाएगा।
तीसरे चरण में ये टीमें अपने विचार प्रस्तुत करेंगी, जिनमें 40 टीमों का चयन प्रोटोटाइप विकास के लिए किया जाएगा। इन सभी टीमों को इसके लिए दो-दो लाख रुपये की राशि अनुदान के रूप में प्राप्त होगी।
अंतिम प्रतियोगिता राज्य स्तर पर राजधानी रांची में ऑफलाइन आयोजित होगी। इनमें से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। हालांकि पांच अन्य टीम को सांत्वना पुरस्कार भी प्राप्त होंगे।
रांची विज्ञान केंद्र में आम लोगों के प्रदर्शन के लिए रखे जाएंगे विजेताओं के रोबोट
इस प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों द्वारा निर्मित रोबोट रांची के चिरौंदी स्थित रांची विज्ञान केंद्र में प्रदर्शन के लिए रखे जाएंगे। विज्ञान केंद्र में भ्रमण करनेवाले विद्यार्थी के साथ-साथ आम लोग उसका अवलोकन कर सकेंगे। निर्मित रोबोट तथा बनानेवाले प्रतिभागियों की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
रोबोट की इन श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
- स्वायत्त ग्राउंड रोबोट
- टेली- आपरेटेड रोबोट
- एरियल रोबोट/ड्रोन
- स्वार्म रोबोट
- व्हील्ड मल्टी-यूटिलिटी रोबोट
- ह्यूमनाइड रोबोट
- एआइ-संचालित सेवा रोबोट
- रोबोटिक आर्म्स
- अंडरवाटर रोबोट
- हेक्सापाड रोबोट
- बाइपेडल / लेग्ड रोबोट
खबरें और भी
किन विजेता टीम को मिलेगी कितनी राशि (रुपये में)
स्थान - टीम - फैकल्टी सदस्य
प्रथम पांच लाख 50 हजार
द्वितीय तीन लाख 30 हजार
तृतीय दो लाख 20 हजार
पांच सांत्वना पुरस्कार एक लाख 10 हजार
यह भी पढ़ें- यूपी में 3.80 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी, आरोपी बोला- मैं तो 10000 रुपये की नौकरी कर रहा हूं
यह भी पढ़ें- गैस नहीं तो कोयला ही सही, दरभंगा में भट्ठी चूल्हे की अचानक बढ़ी डिमांड