'आर-पार' के मूड में झारखंड के छात्र, रेलवे स्टेशन से लेकर स्टेडियम तक जमावड़ा; आज रांची में प्रदर्शन
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में हजारों छात्र झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए रांची पहुंचे हैं। ...और पढ़ें
-1786304439554_m.webp)
रात में जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों की भीड़। (जागरण)
HighLights
हजारों छात्र विधानसभा घेराव के लिए रांची पहुंचे।
प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन।
रेलवे स्टेशन, स्टेडियम में छात्रों ने डाला डेरा।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब लगातार व्यापक होता जा रहा है।
विधानसभा घेराव के आह्वान के बाद रविवार रात राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंच गए। छात्रों ने रांची रेलवे स्टेशन परिसर में रात में ही अपना डेरा जमा लिया। सोमवार सुबह छात्र एकजुट होकर विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे।
दूसरी ओर, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भी हजारों छात्र पहले से जुटे हुए हैं। स्टेडियम में आंदोलनकारी छात्रों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
छात्र सोमवार को होने वाले विधानसभा घेराव को लेकर आपस में चर्चा कर रणनीति तैयार कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि अब आंदोलन केवल कुछ संगठनों या जिलों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राज्यभर के युवाओं की आवाज बनता जा रहा है।
रेलवे स्टेशन से भी छात्र निकलेंगे घेराव के लिए
रविवार देर रात रांची रेलवे स्टेशन पर कई जिलों से पहुंचे छात्रों ने रात बिताई। छात्रों का कहना है कि सुबह होते ही वे समूह बनाकर विधानसभा की ओर कूच करेंगे।
वहीं, स्टेडियम में मौजूद छात्रों का जत्था भी विधानसभा घेराव के लिए रवाना होगा। इस तरह शहर के अलग-अलग हिस्सों से छात्र एकजुट होकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखने की तैयारी में हैं।
छात्रों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़े सवालों का अब तक ठोस समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में विधानसभा घेराव के माध्यम से वे अपनी आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाना चाहते हैं।
खबरें और भी
झारखंड का सबसे बड़ा छात्र आंदोलन बनने की ओर
आंदोलन में शामिल छात्रों का कहना है कि राज्य के अलग-अलग जिलों से लगातार युवाओं का रांची पहुंचना इस बात का संकेत है कि आंदोलन का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। छात्रों ने दावा किया कि यह आंदोलन अब झारखंड के सबसे बड़े छात्र आंदोलनों में से एक के रूप में उभरता जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि वे किसी राजनीतिक दल के मंच पर नहीं, बल्कि अपने मुद्दों को लेकर एकजुट हुए हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार के समक्ष अपनी मांगों को स्पष्ट रूप से रखना और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग करना है।
सोमवार को होने वाले विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन की भी नजर छात्र आंदोलन पर बनी हुई है। रांची में छात्रों की बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ सकती है।
फिलहाल रेलवे स्टेशन और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है और सोमवार का दिन आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- '98 प्रतिशत मांगों की बात झूठी, 13 में से सिर्फ 3 परीक्षाएं हुईं रद', रांची में छात्रों का सरकार पर पलटवार