Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    '98 प्रतिशत मांगों की बात झूठी, 13 में से सिर्फ 3 परीक्षाएं हुईं रद', रांची में छात्रों का सरकार पर पलटवार

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 04:07 AM (GMT+05:30)

    झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है, जिसमें वे सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। ...और पढ़ें

    आंदोलन करते छात्र। (ANI)

    आंदोलन करते छात्र। (ANI)

    HighLights

    1. झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन तेज।

    2. छात्र सीबीआई जांच की मांग पर अड़े, सीआईडी जांच खारिज।

    3. विधानसभा मार्च के लिए रांची में सुरक्षा कड़ी, धारा 163 लागू।

    डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के विरोध में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार, 10 अगस्त को प्रस्तावित 'विधानसभा मार्च' को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, वहीं आंदोलनकारी छात्र नेताओं ने अभ्यर्थियों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

    CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र

    रांची में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विरोध कर रहे छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली का सच सामने लाने के लिए सीबीआई (CBI) जांच ही एकमात्र विकल्प है।

    उन्होंने राज्य सरकार की सीआईडी (CID) जांच की पेशकश को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि यह एजेंसी मामलों को दबाने के लिए जानी जाती है।

    छात्र नेताओं ने कहा कि झारखंड सरकार झूठ फैला रही है कि उसने हमारी 98% मांगें पूरी कर दी हैं, उसने हमारे द्वारा मांगी गई 13 परीक्षाओं में से केवल 3 ही रद की हैं।

    छात्र नेताओं ने अपने साथियों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही और आगाह किया कि वे किसी भी असामाजिक तत्व को इस प्रदर्शन में बाधा नहीं डालने देंगे।

    प्रशासन की सुरक्षा तैयारियां और अपील

    छात्रों के घेराव प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा कड़ा कर दिए गए हैं। सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

    एडीजी ने प्रदर्शनकारियों से पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की है। जांच की अद्यतन स्थिति साझा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रकरण में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

    खबरें और भी

    विधानसभा परिसर के पास BNS की धारा 163 लागू

    रांची जिला प्रशासन ने नए विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी है।

    इसके तहत निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली या बिना अनुमति के 5 से अधिक लोगों के जमा होने पर पूरी रोक लगा दी गई है।

    यह भी पढ़ें- सीजीएल रद करने और CBI जांच की मांग पर विफल हुई वार्ता, मंत्रियों ने कहा- 14वीं JPSC, ED जांच पर सहमति