'छात्रों के आंदोलन को भाजपा ने किया हाइजैक, बाहर से बुलाए उपद्रवी', झारखंड में सत्ता पक्ष का भाजपा पर बड़ा हमला
Ranchi Protest: झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर सत्ता पक्ष ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंत्री सुदिव्य कुमार और झामुमो ने कहा कि भाजपा ने छात्रों ...और पढ़ें

विधानसभा के गेट नंबर तक पहुंचे प्रदर्शनकारी छात्र। (फोटो: जागरण)
HighLights
मंत्री सुदिव्य ने भाजपा पर आंदोलन हाइजैक का आरोप लगाया।
झामुमो ने भाजपा पर बाहरी तत्वों को भेजने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने भाजपा को छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने को घेरा।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा के बाहर हुए छात्रों के उग्र प्रदर्शन और हंगामे के बाद राज्य की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। सत्ता पक्ष के नेताओं और मंत्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मंत्री सुदिव्य कुमार का बयान: भाजपा पर आंदोलन हाइजैक करने का आरोप
झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने विधानसभा में छात्रों के घेराव पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सड़कों पर उतरे लोग छात्र नहीं, बल्कि भाजपा के उदंड और अराजक कार्यकर्ता थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते छात्रों के निर्मल आंदोलन को हाइजैक कर लिया है।
भाकपा माले के विधायक अरूप चटर्जी के अनुरोध पर सदन को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि छात्रों के साथ रविवार को वार्ता हुई थी और उनकी मांगें लगभग मान ली गई थीं। सरकार ने स्पष्ट किया कि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा को रद्द करने की मांग हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी के कारण राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर है, लेकिन भाजपा ने पीछे के दरवाजे से छात्रों को उत्तेजित किया।
झामुमो का आरोप: बाहर से कार्यकर्ताओं को भेजकर माहौल बिगाड़ने की साजिश
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने एक्स हैंडल पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि भाजपा को झारखंड के छात्रों का आंदोलन हजम नहीं हो रहा है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बिहार, बंगाल और ओडिशा से बड़ी संख्या में बाहरी तत्वों और कार्यकर्ताओं को झारखंड भेजकर छात्रों के बीच घुसाया, ताकि शांतिपूर्ण आंदोलन को कमजोर कर माहौल बिगाड़ा जा सके और अपनी राजनीति चमकाई जा सके।
खबरें और भी
कांग्रेस का तीखा हमला: पुलिस पर पथराव और हिंसा के पीछे भाजपा का हाथ
रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को राजनीतिक रंग देने के लिए भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में भेजा और माहौल को हिंसक बनाया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस पर पथराव और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने की घटनाओं से स्पष्ट है कि आंदोलन को सुनियोजित तरीके से उग्र रूप दिया गया।
यह भी पढ़ें- झारखंड में पहली बार विधानसभा से चंद कदमों की दूरी पर प्रदर्शनकारी, खेतों के रास्ते शॉर्टकट से पहुंच रहे छात्र