विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आपकी मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी', स्वतंत्रता दिवस पर CM सोरेन का छात्रों को संदेश, JPSC केस में न्याय का दिया भरोसा 

Published: Sat, 15 Aug 2026 09:35 AM (IST)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण के दौरान युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने JPSC प्रकरण पर ...और पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सोरेन। फोटो जागरण

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सोरेन। फोटो जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण किया।

  2. JPSC प्रकरण पर युवाओं को न्याय का आश्वासन दिया।

  3. कहा, मेहनत को भ्रष्ट तंत्र के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने ने रांची के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए JPSC प्रकरण पर भी अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि लाखों युवा आज अपने सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनके माता-पिता अपनी क्षमता से बढ़कर उन्हें पढ़ा रहे हैं। इसलिए यह हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है कि उनकी मेहनत का सम्मान हो और उनकी प्रतिभा को न्याय मिले।

उन्होंने कहा,  मैं जानता हूं कि पिछले कुछ समय में भर्ती परीक्षाओं को लेकर अनेक प्रश्न उठे हैं। जब परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा होता है, तो केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती बल्कि पूरी एक पीढ़ी का विश्वास प्रभावित होता है।

कोई नहीं बचेगा: मुख्यमंत्री

आज इस ऐतिहासिक मंच से झारखण्ड के प्रत्येक विद्यार्थी को विश्वास दिलाना चाहता हूं- आपकी मेहनत को किसी माफिया, किसी भ्रष्ट तंत्र और किसी अनियमितता के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश के अनेक राज्यों और कई राष्ट्रीय परीक्षाओं में भी प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संबंधी गंभीर अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। यह पूरे देश के सामने एक गंभीर चुनौती है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे राज्यों में क्या हुआ, उससे झारखण्ड की जिम्मेदारी कम नहीं हो जाती।

उन्होंने कहा कि मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण झारखण्ड का युवा है। इसीलिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि व्यवस्था में परिवर्तन का निर्णय लिया है। जांच पूरी निष्पक्षता से होगी। जो भी दोषी होगा, कानून उसके साथ कठोरता से पेश आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसकी संलिप्तता सिद्ध होती है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन साथ ही हम बिना प्रमाण किसी को दोषी ठहराने की भी राजनीति नहीं करेंगे। न्याय होगा-और निष्पक्ष होगा।

हेमंत सोरने ने कहा कि सिर्फ दोषियों को पकड़ना समाधान नहीं है। असली समाधान व्यवस्था बनाना है जिसमें भविष्य में कोई भी युवाओं के साथ साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

इसी उद्देश्य से सरकार परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस परिवर्तन सरकार के साथ युवाओं की सहभागिता चाहते हैं।

सरकार के लक्ष्य

  • समयबद्ध वार्षिक परीक्षा कैलेंडर,
  • पारदर्शी और तकनीक सुरक्षित परीक्षा प्रणाली,
  • उत्तर-कुंजी एवं OMR की समयबद्ध उपलब्धता,
  • परीक्षा प्रक्रिया में बहु-स्तरीय जवाबदेही,
  • ऐसी व्यवस्था जिसमें पारदर्शिता अपवाद नहीं, बल्कि नियम हो

झारखंड में बनेगी विश्वस्त परीक्षा व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा, रोजगार हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। हमारा उद्देश्य केवल रिक्त पद भरना नहीं है। हमारा लक्ष्य ऐसा झारखंड बनाना है, जहां सरकारी सेवा के साथ-साथ उद्योग, एमएसएमई, कृषि, डेयरी, मत्स्य, पर्यटन, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी लाखों नए अवसर तैयार हों।

इसलिए आने वाले समय में JPSC, JSSC तथा अन्य भर्ती एजेंसियों के माध्यम से बड़ी संख्या में नियुक्ति प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाई जाएंगी, ताकि युवाओं को अवसर भी मिले और व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत हो।

CM ने कहा, "युवाओं से केवल एक आग्रह करना चाहता हूं-अपनी मेहनत पर विश्वास बनाए रखिए। आपका परिश्रम व्यर्थ नहीं जाएगा। आपके सपनों की रक्षा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मेरा व्यक्तिगत दायित्व भी है। मैं झारखंड के युवाओं से केवल धैर्य नहीं मांगता, मैं उनका विश्वास मांगता हूं और उस विश्वास को बनाए रखना मेरी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।"

हेमंत सोरने ने कहा, आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम ऐसी परीक्षा व्यवस्था बनाएंगे, जिस पर अभ्यर्थी को भरोसा हो, समाज को विश्वास हो और देश झारखंड का उदाहरण दे।

यह भी पढ़ें- अंग्रेजों के जुल्म का गवाह रांची का पहाड़ी मंदिर, आजादी के पहले दिन ऐसे लहराया था तिरंगा