पलामू में तेज रफ्तार कार घर में घुसी, आंगन में सो रहे ग्रामीण की मौत; डॉक्टर घायल
पलामू के सिक्की गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में घर के आंगन में सो रहे विनोद सिंह की मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1780060636970_m.webp)
घटनास्थल पर लगी भीड़। (जागरण)
HighLights
सिक्की गांव में तेज रफ्तार कार घर में घुसी।
आंगन में सो रहे ग्रामीण विनोद सिंह की मौत।
पाटन सीएचसी प्रभारी की कार से हुआ हादसा।
संवाद सूत्र, पाटन (पलामू)। पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की गांव में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में घर के आंगन में सो रहे एक ग्रामीण की मौत हो गई।
हादसा उस समय हुआ जब पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसी। दुर्घटना में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी भी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पाटन सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार अपनी कार (जेएच 03 एसी 8251) से पाटन से मेदिनीनगर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान सिक्की गांव के पास एक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गई और आंगन में सो रहे विनोद सिंह को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल विनोद सिंह को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं घायल डॉ. मिथिलेश कुमार को ग्रामीणों की मदद से कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जाता है कि मृतक विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गर्मी के कारण वह घर के बाहर सोए हुए थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बैरिया-पाटन मुख्य सड़क को सिक्की गांव के पास करीब एक घंटे से अधिक समय तक जाम कर दिया। ग्रामीण सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनिल कुमार विद्यार्थी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. अमित कुमार झा, सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
बीडीओ सह सीओ डॉ. अमित कुमार झा ने कहा कि सरकारी प्रावधान के अनुसार मिलने वाली सुविधाओं का लाभ पीड़ित परिवार को दिलाया जाएगा। आश्वासन के बाद करीब दो बजे सड़क जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
खबरें और भी
पुलिस कर रही मामले की जांच
पाटन थाना प्रभारी अनिल कुमार विद्यार्थी ने शुक्रवार सुबह घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चिकित्सा पदाधिकारी की कार से दुर्घटना हुई है, जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई है।
डॉक्टर घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, जितेंद्र यादव, एएसआई प्रभात किरण मिथुन रवि, अंबिका सिंह, मेदिनीनगर सदर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।