लोहरदगा में शराब लदी तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

कुडू में दुर्घटनाग्रस्त वाहन। (जागरण)
HighLights
कुडू में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन की मौत।
स्कूटी सवारों को रांची से आ रहे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर तत्काल सहायता की मांग की।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत ढुलुवा खूंटा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में किशोर भगत (32 वर्ष), उनकी मां बिशुन भगताइन (53 वर्ष) और किशोर का चचेरा भाई निरंजन उरांव (26 वर्ष) शामिल हैं।
सभी कुडू थाना क्षेत्र के रोनिहा कोलसिमरी निवासी थे। बताया जाता है कि स्कूटी संख्या जेएच01बीडी-0695 पर सवार होकर कुडू थाना क्षेत्र के रोनिहा कोलसिमरी निवासी किशोर भगत, बिशुन भगताइन और निरंजन उरांव कुडू से रांची के मांडर स्थित अस्पताल जा रहे थे।
जहां वे अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान रांची की ओर से आ रही तेज रफ्तार 407 ट्रक संख्या जेएच01एई-4495 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
दो की मौके पर हुई मौत
हादसे में किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिशुन भगताइन ने लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
ट्रक में अंग्रेजी शराब लदी हुई थी और वह रांची से डालटनगंज की ओर जा रहा था। ट्रक में सवार बिनत मुंडा, विकास मिंज और सिंकू राम को चोट आई है। तीनों रांची के गांधीनगर कांके रोड के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर दिया है।
पुलिस मामले में जांच और पूछताछ कर रही है। शराब के संबंध में भी जांच जारी है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही कुडू सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
प्रशासन द्वारा मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई और अन्य सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लगभग एक घंटे बाद जाम हटाया गया।
यह भी पढ़ें- हजारीबाग में सड़क हादसा: ट्रेलर ने बाइक सवार टीचर को कुचला, मौके पर मौत