विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू में छोटू सिंह हत्याकांड में नया मोड़, पिता ने 10 लोगों पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप

By SachidanandEdited By: Mansi Kumari
Published: Fri, 04 Sep 2026 12:08 PM (IST)

हुसैनाबाद में छोटू सिंह हत्याकांड में नया मोड़ आया है, जहाँ मृतक के पिता ने 10 लोगों पर पूर्व नियोजित ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो। जागरण

मृतक की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. छोटू सिंह हत्याकांड में पिता ने 10 लोगों को नामजद किया।

  2. पिता ने पूर्व नियोजित साजिश और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।

संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरन्दर बिगहा में 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे गोली मारकर की गई ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है।

मृतक के पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ भूलन सिंह ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर 10 लोगों को नामजद करते हुए पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से अपने पूरे परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

थाना में दिए आवेदन के अनुसार, छोटू सिंह 2 सितंबर की रात घर का सामान लेने बाजार गया था। आरोप है कि इसी दौरान मनीष यादव ने उसकी गाड़ी रुकवाकर बातचीत करने की बात कही।

इसके बाद साकेत पाठक भी उसकी गाड़ी में सवार हो गया और उसे पुरन्दर बिगहा की ओर ले जाया गया। पिता का आरोप है कि चार मोटरसाइकिलों से उसकी गाड़ी का पीछा किया जा रहा था और लगातार रेकी की जा रही थी।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुरन्दर बिगहा पहुंचने के बाद साकेत पाठक ने छोटू सिंह के पेट में गोली मारी। इसके बाद मनीष यादव ने उसकी कनपटी में गोली मारी।

घायल छोटू ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोप के अनुसार इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह ने उसकी कनपटी में दोबारा गोली मार दी। इसके बाद निखिल सिंह और नीतीश तिवारी द्वारा भी गोली चलाने तथा अन्य आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।

मृतक के पिता ने साकेत पाठक, इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह, मनीष यादव, निखिल सिंह, सिटु सिंह, सुधीर पाठक, नीतीश तिवारी, सौरभ पाठक, रवि सिंह और पीयूष कुमार को नामजद किया है। आवेदन में कहा गया है कि वारदात के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए दंगवार रोड की ओर फरार हो गए।

परिवार को दोबारा निशाना बनाने की आशंका

हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार में दहशत का माहौल है। पिता ने आशंका जताई है कि आरोपितों अथवा उनके सहयोगियों की ओर से परिवार के किसी सदस्य को दोबारा निशाना बनाया जा सकता है।

उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में कुछ अज्ञात लोगों के भी साजिश में शामिल होने की आशंका जताई गई है।

एसपी बोले- अवैध धंधे में संलिप्त था मृतक

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि मृतक अवैध शराब, गांजा समेत अन्य अवैध धंधे में संलिप्त था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एसपी के अनुसार, उसके सहयोगियों ने ही उसकी हत्या की है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, पिता की ओर से दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। नामजद आरोपितों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। 

यह भी पढ़ेः YouTube वीडियो का झांसा देकर नाबालिग का अपहरण, शारीरिक शोषण के आरोप में कोडरमा से दो गिरफ्तार