कोडरमा में नगर परिषद अध्यक्ष के साथ छाता लेकर खड़े सिपाही पर गिरी गाज, एसपी ने किया निलंबित
कोडरमा में नगर परिषद अध्यक्ष के लिए छाता थामने वाले सिपाही उपेंद्र सिंह को एसपी ने निलंबित कर दिया है। ...और पढ़ें

सिपाही उपेंद्र सिंह को एसपी ने निलंबित किया।
HighLights
सिपाही उपेंद्र सिंह को एसपी ने निलंबित किया।
नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर के लिए थामा था छाता।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। कोडरमा के झुमरीतिलैया के झंडा चौक पर सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर के साथ छाता लेकर खड़े नजर आए तिलैया थाना के सिपाही उपेंद्र सिंह को कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष के आदेश पर निलंबित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि ट्रैफिक व्यवस्था में पुलिस की कथित उदासीनता का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष खुद हाथ में लाठी लेकर सड़क पर उतर गए थे। इसी दौरान सिपाही उपेंद्र सिंह के उनके पास छाता लेकर खड़े होने की तस्वीर सामने आई थी। तस्वीर चर्चा में आने के बाद यह कार्रवाई हुई। हालांकि, अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने सिपाही का बचाव करते हुए कहा कि इसमें उसकी कोई गलती नहीं थी।
उन्होंने बताया कि बारिश से बचने के लिए वे खुद सिपाही के छाते के नीचे जाकर खड़े हुए थे ना कि सिपाही उनके पास छाता लेकर आया था। फिलहाल छाता प्रकरण शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

क्या था पूरा मामला?
दरअसल, झुमरीतिलैया नगर परिषद के अध्यक्ष रमेश हर्षधर का सोमवार को अजीबोगरीब अंदाज देखने को मिला। झंडा चौक पर दोपहर में लगने वाले भारी जाम से परेशान अध्यक्ष हाथ में लाठी लेकर खुद सड़क पर उतर गए और करीब एक घंटे तक ‘वन मैन आर्मी’ की तरह ट्रैफिक व्यवस्था संभालते रहे। अध्यक्ष को इस अंदाज में सड़क पर ट्रैफिक नियंत्रित करते देख राहगीर और आसपास के लोग भी हैरान रह गए।
अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने बताया कि झंडा चौक पर दोपहर के समय अक्सर जाम की स्थिति बनती है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उनके स्तर से कई बार पुलिस के वरीय अधिकारियों को पत्राचार किया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
