कोडरमा: हाथ में लाठी लेकर सड़क पर उतरे नगर परिषद अध्यक्ष, ‘वन मैन आर्मी’ की तरह खुद संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने झंडा चौक पर जाम से परेशान होकर खुद लाठी लेकर एक घंटे तक ...और पढ़ें
HighLights
अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने खुद संभाली झंडा चौक की ट्रैफिक व्यवस्था।
इसे नगर परिषद अधिकारों में कटौती का सांकेतिक विरोध माना गया।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। कोडरमा के झुमरीतिलैया नगर परिषद के अध्यक्ष रमेश हर्षधर का सोमवार को अजीबोगरीब अंदाज देखने को मिला। झंडा चौक पर दोपहर में लगने वाले भारी जाम से परेशान अध्यक्ष हाथ में लाठी लेकर खुद सड़क पर उतर गए और करीब एक घंटे तक ‘वन मैन आर्मी’ की तरह ट्रैफिक व्यवस्था संभालते रहे।
अध्यक्ष को इस अंदाज में सड़क पर ट्रैफिक नियंत्रित करते देख राहगीर और आसपास के लोग भी हैरान रह गए।।अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने बताया कि झंडा चौक पर दोपहर के समय अक्सर जाम की स्थिति बनती है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उनके स्तर से कई बार पुलिस के वरीय अधिकारियों को पत्राचार किया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
आखिरकार सोमवार को वह खुद ही लाठी लेकर सड़क पर उतर गए और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे।।करीब एक घंटे तक अध्यक्ष को ट्रैफिक संभालते देख लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा।
हालांकि अध्यक्ष के इस कदम को केवल यातायात व्यवस्था संभालने की कवायद नहीं, बल्कि नगर परिषद के अधिकारों में कटौती के विरोध के सांकेतिक प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। हर्षधर लंबे समय से नगर परिषद के निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकारों में कटौती का मुद्दा उठाते रहे हैं।
उनका कहना है कि बोर्ड गठन के बाद सरकार के स्तर से नगर परिषद के अधिकारों में लगातार कटौती की गई है। इस मुद्दे को लेकर कई बार अधिकारियों और नगर परिषद कर्मियों के साथ भी उनकी तकरार हो चुकी है।
अध्यक्ष ने कहा कि वह जनता के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं और जनता को भी उनसे काफी उम्मीदें हैं, लेकिन नगर परिषद को सरकार के स्तर पर ‘पंगु’ बना दिया गया है। निर्वाचित प्रतिनिधियों को केवल प्रतीकात्मक सम्मान दिया गया है, जबकि उन्हें प्रभावी अधिकार नहीं मिले हैं। ऐसे में जनता की समस्याओं के लिए संघर्ष और आंदोलन करने के अलावा उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।
