विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

12th नेशनल टॉपर शांभवी निराश, जमशेदपुर में नीट यूजी 2026 रद होने पर बोलीं- रिदम बिखर चुका...

Updated: Tue, 12 May 2026 02:05 PM (IST)

नीट यूजी 2026 परीक्षा रद होने से जमशेदपुर सहित देशभर के छात्रों में भारी आक्रोश है, खासकर मेधावी छात्र निराश हैं। सीआइएससीई की 12वीं साइंस की नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी ने कहा है कि इससे छात्रों का मनोबल टूटा है और तैयारी का रिदम बिखर गया है। Jharkhand Top News

शांभवी तिवारी, नेशनल टॉपर आईएससी

शांभवी तिवारी, नेशनल टॉपर आईएससी

HighLights

  1. नीट यूजी 2026 परीक्षा रद होने से छात्रों में आक्रोश।

  2. नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी ने फैसले पर निराशा जताई।

  3. पेपर लीक के कारण एनटीए ने परीक्षा रद की।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को पेपर लीक और अनियमितताओं के चलते रद करने के फैसले ने देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को झकझोर कर रख दिया है। जमशेदपुर सहित पूरे देश में इस समय रोष और हताशा का माहौल है। 
 
विशेष रूप से वे मेधावी छात्र, जो बेहतर स्कोर की उम्मीद में थे, अब मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं। सीआइएससीई(ISC) की 12वीं साइंस की नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी ने परीक्षा रद होने पर गहरी निराशा व्यक्त की है। 
 

रिदम टूट गया है : नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी का दर्द 

शांभवी ने बताया कि परीक्षा के दौरान केंद्र पर तकनीकी समस्याओं के कारण उनके चार प्रश्न छूट गए थे, इसके बावजूद वह 664 अंक हासिल कर रही थीं। उन्हें पूर्ण विश्वास था कि इस स्कोर पर उन्हें एम्स (AIIMS) में दाखिला मिल जाएगा।
 
शांभवी कहती हैं कि नीट के बाद मैं रिलेक्स मोड में थी, लेकिन अब फिर से शून्य से तैयारी शुरू करना मानसिक रूप से थकाऊ है। जहां पेपर लीक हुआ, वहां परीक्षा रद होनी चाहिए थी, लेकिन पूरे देश की परीक्षा रद करने से उन छात्रों का मनोबल टूटता है जिन्होंने ईमानदारी से मेहनत की। पढ़ाई का जो रिदम था, वह अब पूरी तरह बिखर चुका है।
 

छुट्टियों के बीच छात्रों को लगा झटका

जमशेदपुर की ही अंकिता और माहरूख जैसे कई अन्य परीक्षार्थियों की स्थिति भी वैसी ही है। पेपर अच्छा जाने के बाद कई छात्र परिवार के साथ छुट्टियां मनाने निकल गए थे, लेकिन परीक्षा रद होने की खबर मिलते ही वे बीच में ही घर लौट रहे हैं। छात्रों का मानना है कि पढ़ाई का फ्लो दोबारा बनाने में कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा, जो इस तनावपूर्ण समय में बहुत कीमती है।
 

क्यों रद हुई परीक्षा? क्या थी जांच रिपोर्ट?

नीट-यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई 2026 को किया गया था। परीक्षा के बाद राजस्थान और उत्तराखंड से पेपर लीक की खबरें आईं। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए:

  •     जांचकर्ताओं को परीक्षा से पहले प्रसारित 400 से अधिक प्रश्नों का एक सेट मिला।
  •     इनमें से 100 से अधिक प्रश्न (जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान) वास्तविक नीट प्रश्नपत्र से हूबहू मिल रहे थे।
  •     इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पूरी परीक्षा रद करने का कड़ा फैसला लिया।


एनटीए का बड़ानिर्णय: नहीं देना होगा दोबारा शुल्क

लाखों परेशान छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए किसी भी नए पंजीकरण (Registration) की आवश्यकता नहीं होगी।

  •     शुल्क वापसी: छात्रों द्वारा पहले जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस कर दिया जाएगा।
  •     आंतरिक संसाधन: इस बार परीक्षा एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित करेगी।
  •     नई तिथि: परीक्षा की नई तिथियों का ऐलान जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ICSE-ISC Results 2026: जमशेदपुर की शांभवी तिवारी बनीं नेशनल टॉपर, कोल्हान के छात्रों का देश भर में डंका