विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ICSE-ISC Results 2026: जमशेदपुर की शांभवी तिवारी बनीं नेशनल टॉपर, कोल्हान के छात्रों का देश भर में डंका

By Ch Venkatesh RaoEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Thu, 30 Apr 2026 03:26 PM (IST)Updated: Thu, 30 Apr 2026 05:29 PM (IST)

CISCE ने 30 अप्रैल को 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित किए, जिसमें जमशेदपुर की शांभवी तिवारी ने 100% अंक ...और पढ़ें

शांभवी तिवारी।

शांभवी तिवारी।

HighLights

  1. CISCE ने 30 अप्रैल को 10वीं, 12वीं के परिणाम घोषित किए।

  2. जमशेदपुर की शांभवी तिवारी 100% अंक के साथ नेशनल टॉपर।

  3. कोल्हान क्षेत्र के छात्रों ने झारखंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने 30 अप्रैल को कक्षा 10वीं (ICSE) और 12वीं (ISC) के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। लगातार दूसरे वर्ष बोर्ड ने इसी तिथि और ठीक सुबह 11 बजे परिणाम जारी कर अपनी सटीकता कायम रखी है। 
 
इस वर्ष के नतीजों में झारखंड, विशेषकर कोल्हान क्षेत्र (जमशेदपुर, चाईबासा) के छात्रों ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। छात्रों की ऐतिहासिक सफलता से अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी की लहर है। 

जमशेदपुर की बेटी बनी नेशनल टॉपर

जमशेदपुर के सेक्रेड हर्ट कान्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी तिवारी ने अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। शांभवी ने भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों में शत-प्रतिशत अंक लाकर नेशनल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने लौहनगरी का नाम पूरे देश में ऊंचा कर दिया है। 

स्टेट टॉपर्स की सूची में कोल्हान का दबदबा 

आईसीएसई 10वीं में झारखंड के संयुक्त स्टेट टॉपर्स की सूची में भी कोल्हान का बोलबाला रहा:

  1.     चितेश सरकार: संत जेवियर इंग्लिश स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, चाईबासा (99.2%)
  2.     वेदांग वत्सल: लोयोला स्कूल, जमशेदपुर (99.2%)
  3.     अहान राय: एलएफएस टेल्को, जमशेदपुर (99.2%)
  4.     प्रज्ञा सिंह: जमशेदपुर कॉन्वेंट स्कूल (99.2%) 
धनबाद की अंशिका मोदी (कार्मल स्कूल) और कोशिकी दत्ता (डिनोबिली स्कूल) ने भी 99% अंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। 
image

अपने माता-पिता के साथ आईएससी 12वीं की नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी।

समाज सेवा के लिए डॉक्टर बनना चाहती हूं - शांभवी तिवारी

नेशनल टॉपर बनने पर शांभवी ने कहा क‍ि यह मेरे लिए एक सपने जैसा है। मुझे अपनी मेहनत पर भरोसा था, लेकिन शत-प्रतिशत अंक आना ईश्वर के आशीर्वाद और माता-पिता के सहयोग का फल है। 
 
मेरी माता (निभा सिन्हा), जो खुद केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं, और मेरे पिता (राकेश रमन), जो ऑल इंडिया रेडियो में हैं। स्कूल की प्रिंसिपल और टीचर्स ने भी मुझे हमेशा प्रोत्साहित किया। 
 
मैं वर्तमान में नीट (NEET) की तैयारी कर रही हूं। मेरा लक्ष्य एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। मुझे लगता है कि चिकित्सा क्षेत्र के माध्यम से मैं जरूरतमंदों की सबसे बेहतर मदद कर सकती हूं।
 

रिजल्ट चेक करने के डिजिटल तरीके

भारी ट्रैफिक के कारण आधिकारिक वेबसाइट results.cisce.org में समस्या आने पर छात्र इन वैकल्पिक तरीकों का उपयोग कर सकते हैं:

1. SMS के माध्यम से:

    अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स में लिखें: ICSE <Space> 7 अंकों की Unique ID

    इसे 09248082883 पर भेज दें।

    यही प्रक्रिया ISC (12वीं) के लिए भी लागू है।

2. DigiLocker (डिजी लॉकर):

    digilocker.gov.in पर जाएं या ऐप डाउनलोड करें।

    आधार से लिंक मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन करें।

    ‘Marksheet’ सेक्शन में CISCE बोर्ड चुनकर अपना रोल नंबर दर्ज करें।

3. आधिकारिक वेबसाइट:

    results.cisce.org पर जाएं।

    UID और Index Number दर्ज कर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करें।