'पुलिसवालों पर दर्ज हो मर्डर केस', हिमांशु सिंह हत्याकांड पर BJP का हल्लाबोल, झारखंड बंद करने की चेतावनी
झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा ने करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने मृतक के परिजनों से मु ...और पढ़ें

आदित्यपुर मृतक हिमांशु सिंह के परिजन से मिलने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष। फोटो जागरण
HighLights
भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड पर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
लापरवाह पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
न्याय न मिलने पर पूरे झारखंड बंद की चेतावनी दी।
संवाद सहयोगी, आदित्यपुर। झारखंड में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसलों के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी आदित्यपुर स्थित मृतक हिमांशु सिंह के घर पहुंचे।
दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर मुख्य रूप से विधायक भानु प्रताप शाही और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिसकर्मियों पर दर्ज हो केस
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। राज्य की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में दो युवाओं पर अपराधियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
आदित्य साहू ने कहा कि ऐसा लगता है कि राज्य में कानून का नहीं, बल्कि अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है, जिसे पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा नेताओं ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि घटना के वक्त मौके पर तैनात लापरवाह पुलिसकर्मियों पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें तुरंत जेल भेजा जाए।
खबरें और भी
पूरा झारखंड होगा बंद
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और विधायक भानु प्रताप शाही ने भी तल्ख लहजे में कहा कि सरकार इस पूरे मामले की लीपापोती करने और केस को मोड़ने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
भाजपा ने राज्य सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस वीभत्स हत्याकांड के खिलाफ पहले जमशेदपुर बंद किया गया है और यदि पीड़ित परिवार को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला, तो पार्टी पूरे झारखंड को ठप और बंद करने का काम करेगी।
इसके साथ ही, इस गंभीर विषय को लेकर भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से भी मुलाकात करेगा।
यह भी पढ़ें- हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में एनडीए का 'जमशेदपुर बंद', साकची, बिष्टुपुर समेत पूरा शहर रहा ठप
यह भी पढ़ें- हिमांशु मर्डर केस: बार के CCTV फुटेज में मिले कई संदिग्ध चेहरे, राहुल दुबे की तलाश