हजारीबाग में आदिवासी महिला के साथ पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, विरोध करने पर तोड़ डाला पैर
हजारीबाग के कटकमदाग में एक आदिवासी महिला के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट ...और पढ़ें
-1788507153974_m.webp)
सांकेतिक फोटो
HighLights
आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट।
मारपीट के दौरान महिला का पैर टूटा, गंभीर रूप से घायल।
दो आरोपित विकास राय और रूदल कुमार गिरफ्तार, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में आदिवासी महिला के साथ कथित दुष्कर्म और फिर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मारपीट के दौरान उसका पैर टूट गया। पीड़िता को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पड़ोस में रहने वाले युवक पर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कटकमदाग में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करती थी। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक भी किराये पर रहते थे।
महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि परिचित युवक उसके घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद कुछ अन्य लोग भी उसके घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले से टूटा पैर
पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने काफी देर तक उसके साथ मारपीट की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पैर भी टूट गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद कटकमदाग थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपित विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
