Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड से बिहार में होती थी नकली 'विदेशी शराब' की सप्लाई, गिरीडीह में अवैध फैक्ट्री का खुलासा

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 05:10 PM (IST)

    गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग और पुलिस ने एक अवैध नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में करीब 50 लाख रुपये की 35 ...और पढ़ें

    छापामारी के बाद जब्त नकली शराब। फोटो जागरण

    छापामारी के बाद जब्त नकली शराब। फोटो जागरण

    HighLights

    1. गिरिडीह में अवैध नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़।

    2. 50 लाख रुपये की 350 पेटी नकली शराब जब्त।

    3. शराब बनाने की सामग्री, स्प्रिट, वाहन भी बरामद।

    जागरण संवाददाता, गिरिडीह। जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के अंतिम छोर पर स्थित जंगल में एक बड़े भूखंड पर चारदीवारी के अंदर टीन का शेड बनाकर संचालित किया जा रहा अवैध नकली विदेशी शराब प्लांट का खुलासा किया गया।

    यह खुलासा उत्पाद अधीक्षक शिवकुमार साहू के नेतृत्व में बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से शनिवार की रात को छापेमारी में हुआ। मौके पर से अवैध रूप से निर्मित करीब 50 लाख रुपये अनुमानित कीमत की 350 पेटी नकली विदेशी शराब जब्त की गई, जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली स्प्रिट समेत अन्य सामग्री के अलावा निर्मित शराब को खपाने व शराब बनाने वाली सामग्री को लाने में इस्तेमाल किए जाने वाले दो वाहन को भी जब्त किया गया है।

    इस मामले में परिसर के मालिक, अवैध नकली शराब प्लांट के संचालक, शराब कारोबारी व वाहन मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई उत्पाद विभाग में की जा रही है। यह जानकारी रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में उत्पाद अधीक्षक शिवप्रसाद साहू ने दी।

    बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर यह छापेमारी अभियान चलाया गया। अवैध नकली विदेशी शराब प्लांट का खुलासा करते हुए निर्मित शराब व शराब बनाने वाली सामग्री बरामद की गई है और प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी समेत वाहन के संचालक माैके से फरार हो गए।

    खबरें और भी

    बिहार में होती थी खपत

    जानकारी के अनुसार, यहां निर्मित नकली विदेशी शराब की खेप को जंगल के रास्ते आसानी से बिहार में खपाई जाती थी। इस धंधे को किसके द्वारा संचालित किया जा रहा था, उसका पता लगाया जा रहा है जबकि कैंपस किसका है, इसे लेकर सीओ से जानकारी ली जा रही है। प्रेसवार्ता में रविरंजन समेत अन्य मौजूद थे।

    बरामद शराब व सामग्री

    नकली शराब निर्माण प्लांट से छापेमारी टीम ने रॉयल स्टेग, आइकोनिक व रायल चैलेंज व्हिस्की की 350 पेटी निर्मित सीलबंद शराब, ड्रम व पानी की टंकी में भरा 4000 लीटर कच्चा स्प्रिट, 55 रोल रायल स्टेग व रायल चैलेंज का लेबल, 25000 ढक्कन, 20 रोल नकली होलोग्राम, शराब पैकिंग को रखा गया 60 बोरा खाली बोतल, 1000 पीस कार्टून , 20 लीटर केरामेल, महिंद्रा पिकअप वैन एक, एसीई पिकअप वैन एक समेत प्लास्टिक का जार, पानी वाला जार, नल लगा हुआ स्टील का ड्रम, प्लास्टिक का ड्रम, पानी की टंकी, बाल्टी, पाइप समेत शराब बनाने व खपाने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री शामिल है।

    जमीन के अंदर भी गाड़ रखी थी तीन टंकी

    अवैध शराब कारोबारियों ने जमीन के अंदर पानी की तीन बड़ी टंकी गाड़ रखी था। टंकी कैंप के अंदर चारदीवारी से सटाकर रखी गई थी, ताकि स्प्रिट लेकर आने वाले वाहन को चारदीवारी के पास सटाकर इन टंकियों में स्प्रिट को खाली किया जा सके।

    साथ ही बाद में शराब बनाने के वक्त उन टंकियों से स्प्रिट को मोटर पंप के सहारे बाहर निकालते हुए इस्तेमाल में लाया जाता था।

    छापेमारी में ये थे शामिल

    अवैध नकली शराब प्लांट के खिलाफ छापेमारी को बनी टीम में उत्पाद अधीक्षक के अलावा उत्पाद निरीक्षक रवि रंजन, एसआइ जगन्नाथ पान, एएसआइ लक्ष्मण महतो के अलावा जिला बल, होमगार्ड व उत्पाद पुलिस के जवान शामिल थे।

    यह भी पढ़ें- चतरा में गंभीर आरोपों के बावजूद निलंबित पुलिस अधिकारियों को फिर मिली थाने की कमान, दोबारा तैनाती पर उठने लगे सवाल