गिरिडीह कोर्ट से लौट रहे पिता-पुत्र पर चाकू और बियर की बोतल से हमला, बोलेरो से कुचलने की भी कोशिश
Giridih Court से हाजिरी देकर लौट रहे पिता-पुत्र पर रानीखावा के पास चाकू और बियर की बोतल से हमला किया गया, जिसमें पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हम ...और पढ़ें

हमले में घायल पवन यादव। (फोटोः जागरण)
HighLights
कोर्ट से लौट रहे पिता-पुत्र पर हमला हुआ।
चाकू और बियर की बोतल से गंभीर वार किए।
हमलावरों ने बोलेरो से कुचलने का भी प्रयास किया।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह कोर्ट में हाजिरी देकर लौट रहे पिता-पुत्र पर शुक्रवार को हमला हो गया। यह हमला पचंबा-चितरडीह मार्ग पर रानीखावा के पास हुआ। इस हमले में पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसे लेकर गिरिडीह की पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
कोर्ट से हाजिरी देकर घर लौट रहे पिता-पुत्र पर पहले बोलेरो चढ़ाने की कोशिश की गई, लेकिन इसमें असफल होने के बाद चाकू व बियर की बोतल से ताबड़तोड़ वार कर पुत्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, पिता के साथ भी मारपीट कर अपराधी फरार हो गए।
घायल युवक करीब 30 वर्षीय पवन यादव तिसरी थाना क्षेत्र के सिंधो गांव निवासी सूरज महतो का पुत्र है। इस घटना में सूरज महतो भी चोटिल हुए हैं। इस क्रम में पिस्टल लहराने की बात भी घायल ने बताई है। घटना शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है।
घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल पवन खतरे से बाहर है, जबकि सूरज महतो की स्थिति सामान्य है। घायल ने हमला करने का आरोप गांव के ही भोला यादव, कुलदीप यादव, सुजीत यादव, किशोरी यादव, अनिल यादव, बिरेंद्र यादव, दयानंद यादव, उपेंद्र यादव, बबलू यादव समेत अन्य पर लगाया है।
खबरें और भी
हत्या व अपहरण के मामले में आरोपित हैं पिता-पुत्र
घटना के संबंध में घायल पवन ने बताया कि दो साल पूर्व विजय यादव के अपहरण व हत्या मामले में आरोप लगाते हुए उनलोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला कोर्ट में चल रहा है। उसी मामले में दोनों पिता-पुत्र बाइक से कोर्ट में हाजिरी देने आए थे। मारपीट करने वाले भी गवाही देने पहुंचे थे।
पवन ने बताया कि कोर्ट में हाजिरी देने के बाद वह अपने पिता के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी बोलेरो में सवार होकर पहुंचे आरोपितों ने कोर्ट से ही पीछा करते हुए रानीखावा के पास बाइक पर बोलेरो चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह दोनों पिता-पुत्र बचते हुए एक दुकान में घुस गए।
तभी आरोपितों ने दुकान से खींचकर बाहर निकाल लिया और पहले पिस्टल लहराई। इसके बाद बियर की बोतल व चाकू से कमर व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए।
पूर्व में भी हुआ था हमला
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घायल ने बताया कि पूर्व में भी उक्त लोगों ने हमला किया था। इसे लेकर जान का खतरा महसूस करते हुए कोर्ट में एक सनहा दर्ज कराया गया था, जबकि एसपी, एसडीपीओ व एसडीएम को भी आवेदन दिया गया था।
यह भी पढ़ें- गिरिडीह में युवक की हत्या पर भड़का आक्रोश, कबरीबाद माइंस पर प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि तिसरी के पवन नामक युवक पर हमला कर उसे घायल किया गया है। हमला करने वालों के खिलाफ आवेदन मिला है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।