विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुमका का 'बकरी पालन घोटाला': करोड़ों की ठगी के बीच फॉर्च्यूनर की एंट्री, आरोपी के साथ प्रोफेसर का वीडियो वायरल

Published: Tue, 08 Sep 2026 02:52 PM (IST)

दुमका में 1.37 करोड़ रुपये की बकरी पालन योजना धोखाधड़ी मामले में अब एक फॉर्च्यूनर कार चर्चा का विषय बन ...और पढ़ें

HighLights

  1. बकरी पालन योजना में 1.37 करोड़ की धोखाधड़ी।

  2. मामले में फॉर्च्यूनर कार बनी नया केंद्र।

  3. वायरल वीडियो से उठे कार खरीद पर सवाल।

जागरण संवाददाता, दुमका। रीयल वर्ल्ड एसेट्स की कथित बकरी पालन योजना में 1.37 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला इन दिनों चर्चा में है। एक सितंबर को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू ने विनोद सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ दिग्धी ओपी में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।

चार सितंबर को नामजद आरोपित सुष्मिता सोरेन ने डॉ. अंजुला समेत दस लोगों के खिलाफ नगर थाना में दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

दो प्राथमिकी के बाद अब एक फॉर्च्यूनर कार भी चर्चा का नया केंद्र बन गई है। कार से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

वायरल वीडियो में विनोद सिंह डॉ. अंजुला मुर्मू को फॉर्च्यूनर कार की चाबी सौंपतें हुए दिख रहा है। इसके बाद केक काटते और एक दूसरे को खिलाते हुए लोग नजर आ रहे हैं। नई कार के लिए अंजुला को बधाई भी दी गई है। हालांकि जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

ड्राइविंग सीट पर विनोद के बगल में अंजुला

एक अन्य वायरल वीडियो में शोरूम से फॉर्च्यूनर कार चलाकर बाहर निकलते हुए विनोद सिंह दिखाई दे रहा है। बगल की सीट पर डॉ. अंजुला मुर्मू बैठी हुई हैं। दावा यह भी किया जा रहा है कि कार मिलने के बाद शहर के एक होटल में ग्रैंड पार्टी की गई।

फोटो में अंजुला मुर्मू का माला पहनाकर स्वागत किया जा रहा है। कार्यक्रम में कंपनी से जुड़े कई लोग शामिल हुए और सभी ने साथ बैठकर भोजन किया।

हालांकि डॉ. अंजुला मुर्मू के लिए फॉर्च्यूनर खरीदना कोई असामान्य बात नहीं है। वह स्वयं प्रोफेसर हैं और उनके पति इंजीनियर हैं। पहले से ही उनके पास कार है।

कैमरे का सामना करने से बच रहीं प्रोफेसर

पूरा विवाद सामने आने और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से डॉ. अंजुला मुर्मू कैमरे के सामने कुछ भी कहने से फिलहाल बच रही हैं। केवल इतना जरूर कहा कि रीयल वर्ल्ड एसेट्स नामक कंपनी ने उन्हें फंसा दिया और उनकी छवि धूमिल करने की गहरी साजिश रची गई।

अंजुला ने किया था डाउन पेमेंट

फॉर्च्यूनर कार डॉ. अंजुला मुर्मू ने कुछ डाउन पेमेंट देकर खरीदी थी। कंपनी की ओर से उन्हें भरोसा दिया गया था कि कार की मासिक ईएमआई रीयल वर्ल्ड एसेट्स द्वारा जमा की जाएगी।

कंपनी ने करीब दो महीने तक ईएमआई दी, लेकिन इसके बाद 13 अगस्त से रीयल वर्ल्ड एसेट्स कथित तौर पर इंटरनेट प्लेटफार्म से गायब हो गई। क्या कार अंजुला मुर्मू की निजी खरीद थी। कंपनी ने ईएमआई भरने का कोई वादा किया था।

फिलहाल वायरल वीडियो, फोटो और अलग अलग पक्षों के दावों के बीच फॉर्च्यूनर की पूरी कहानी स्पष्ट नहीं है। कार किसके नाम पर है, खरीद की रकम का स्रोत क्या था, डाउन पेमेंट और ईएमआई का भुगतान किसने किया, इन सवालों का जवाब तो पुलिस की जांच से ही सामने आएगा।

यह भी पढ़ें- बकरी पालन निवेश के नाम पर दुमका में 1.37 करोड़ की ठगी, असिस्टेंट प्रोफेसर भी बनी शिकार