बकरी पालन निवेश के नाम पर दुमका में 1.37 करोड़ की ठगी, असिस्टेंट प्रोफेसर भी बनी शिकार
दुमका में बकरी पालन योजना में निवेश के नाम पर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू ...और पढ़ें

बकरी पालन निवेश के नाम पर दुमका में 1.37 करोड़ की ठगी, असिस्टेंट प्रोफेसर भी बनी शिकार (AI Generated Image)
HighLights
दुमका में बकरी पालन योजना में 1.37 करोड़ की ठगी।
सहायक प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू समेत दो दर्जन लोग शिकार।
सात आरोपियों पर धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, दुमका। बकरी पालन योजना में निवेश पर कम समय में भारी रिटर्न का लालच देकर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू समेत लगभग दो दर्जन लोगों से करीब 1.37 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़िता के बयान पर नगर विश्वविद्यालय ओपी (विवि ओपी) पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2025 में बिहार के नवादा निवासी विनोद कुमार सिंह, रंजीत शर्मा, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार ने 'रियल वर्ल्ड एसेट्स' (Real World Assets) नामक कंपनी की बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव दिया था।
आरोपियों ने दो पैकेज का ऑफर दिया- पहला 5 प्रतिशत और दूसरा 75 प्रतिशत रिटर्न का। पहले पैकेज में 13 महीने और दूसरे पैकेज में 8 महीने में मूलधन दोगुना करने का झांसा देकर 1,000 रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक का निवेश कराया गया। साथ ही कई अन्य निवेशकों की आईडी भी बनाई गई।
शुरुआती चरण में विनोद ने कई बैठकें कर पीड़ितों को अपनी बातों में फंसाया और पैसे ऐंठे। डॉ. अंजुला का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी सामाजिक छवि और समुदाय में साख का इस्तेमाल कर कई अन्य लोगों को भी अपने जाल में फंसाया।
इस साजिश में विलियम जैकब, सुष्मिता सोरेन और रीता भी शामिल थे, जिन्होंने प्रोफेसर के नाम का सहारा लेकर कई आदिवासियों को फर्जी कागजात के जरिए ठगा।
13 अगस्त को कंपनी का ऑनलाइन इंटरनेट प्लेटफॉर्म बंद हो गया और मुख्य आरोपी विनोद अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया। कंपनी बंद होने के बाद, खुद को पत्रकार बताने वाले विलियम जैकब ने व्हाट्सएप पर 'रा पब्लिक' (RA Public) नाम से एक ग्रुप बनाकर 32 सदस्यों को जोड़ा।
विलियम अब यह आरोप लगा रहा है कि डॉ. अंजुला कंपनी की निदेशक हैं और सुमित नायक सिस्टम ऑपरेटर है, तथा इन दोनों ने निवेशकों का पैसा जमा नहीं किया।
पीड़िता का कहना है कि वे दोनों खुद इस ठगी के शिकार हैं, जबकि आरोपी अब उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं।
पीड़िता के बयान पर सात लोगों के खिलाफ ठगी के साथ ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया गया है। साक्ष्य एकत्र किया जा रहा है। मामले की जांच कर आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी। - बाजो रजक, थाना प्रभारी विवि ओपी, दुमका
