धनबाद में बनेगा स्किल ट्रेनिंग और टेक्सटाइल सेंटर, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
धनबाद जिला प्रशासन, बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप मिलकर युवाओं और बेलगड़िया टाउनशिप के अग्नि-प्रभावित परिवारों के लिए स्किल ट्रेनिंग और टेक्सटाइल सेंटर स्थापित करेंगे।

टीम ने किया निरीक्षण। (जागरण)
HighLights
धनबाद में स्किल ट्रेनिंग और टेक्सटाइल सेंटर बनेगा।
युवाओं और अग्नि-प्रभावित परिवारों को रोजगार मिलेगा।
जिला प्रशासन, बीसीसीएल, आदित्य बिड़ला ग्रुप की पहल।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद के युवाओं और बेलगड़िया टाउनशिप में रह रहे अग्नि-प्रभावित परिवारों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है।
गुरुवार को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्किल ट्रेनिंग एवं टेक्सटाइल सेंटर के लिए चिह्नित स्थलों का निरीक्षण किया।
करीब 10,000 वर्ग फीट क्षेत्र में इस सेंटर को विकसित करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान मौजूदा भवन की स्थिति, उसकी संरचनात्मक मजबूती और उपयोगिता का जायजा लिया गया।
प्रस्तावित सेंटर में युवाओं और महिलाओं को टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रशिक्षण के लिए आवासीय सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है।
अग्नि प्रभावित परिवारों को मिलेगा लाभ
इसका विशेष लाभ बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वासित बीसीसीएल के अग्नि-प्रभावित परिवारों को मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उनकी आय में भी वृद्धि हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता की मौजूदगी में भवनों का तकनीकी आकलन किया गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि उपलब्ध भवन का उपयोग किस तरह सामाजिक कल्याण के साथ-साथ स्थायी आय के स्रोत के रूप में किया जा सकता है।
निरीक्षण के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट और तकनीकी आकलन के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। जिला प्रशासन, बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप की इस संयुक्त पहल से स्थानीय युवाओं और विस्थापित परिवारों को कौशल और रोजगार से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान डीएमएफटी के परियोजना प्रबंधक (आजीविका एवं कौशल विकास) अमर कुमार श्रीवास्तव समेत बीसीसीएल, आदित्य बिड़ला ग्रुप और जिला परिषद की टीम मौजूद रही।
यह भी पढ़ें- RINL और NMDC का SAIL में हो सकता है विलय, पीएमओ और इस्पात मंत्रालय को भेजा गया प्रस्ताव
