विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजौरी के शाहदरा शरीफ मदरसे से दो छात्र अचानक लापता, अब तक नहीं मिला कोई सुराग

Published: Mon, 31 Aug 2026 09:17 PM (IST)

राजौरी के शाहदरा शरीफ स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया कादरिया से दो छात्र मुहम्मद शोएब और मुहम्मद आरिफ सोमवार सुबह से लापता हैं।

शाहदरा शरीफ के मदरसे से दो छात्र लापता, सुबह पांच बजे के बाद नहीं मिला सुराग।

शाहदरा शरीफ के मदरसे से दो छात्र लापता, सुबह पांच बजे के बाद नहीं मिला सुराग।

HighLights

  1. शाहदरा शरीफ मदरसे से दो छात्र लापता

  2. सोमवार सुबह पांच बजे के बाद से नहीं मिले

  3. परिवारों ने लोगों से मदद की अपील की

जागरण संवाददाता, राजौरी। राजौरी जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शाहदरा शरीफ स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया कादरिया से दो छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों सोमवार तड़के करीब पांच बजे मदरसे से बाहर निकलते हुए देखे गए थे, जिसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। अचानक संपर्क टूटने से दोनों के परिवारों में चिंता का माहौल है।

लापता छात्रों की पहचान मुहम्मद शोएब पुत्र मुहम्मद नसर निवासी बुद्धल तथा मुहम्मद आरिफ पुत्र मुहम्मद अमीन निवासी कुंदरधन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्र हजरत बाबा गुलाम शाह बादशाह शाहदरा शरीफ स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया कादरिया में मौजूद थे। सुबह बाहर निकलने के बाद वे कहां गए, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

स्वजनों और स्थानीय लोगों की ओर से संभावित स्थानों पर दोनों की तलाश की जा रही है। दोनों की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया और स्थानीय स्तर पर साझा कर लोगों से पहचान करने और किसी भी विश्वसनीय जानकारी की तत्काल सूचना परिवार या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है।

लापता होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं

परिजनों को इस बात की चिंता है कि मदरसे से निकलने के बाद दोनों किस दिशा में गए। उनके साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर भी परिवार परेशान हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों किसी कारण से स्वयं मदरसे से निकले या उनके लापता होने के पीछे कोई अन्य वजह है।

मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। ऐसे में लापता होने के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शाहदरा शरीफ, बुद्धल, कुंदरधन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से विशेष रूप से नजर रखने की अपील की गई है। यदि किसी ने दोनों को मदरसे से निकलने के बाद सड़क, बाजार, वाहन या किसी अन्य स्थान पर देखा हो तो उसकी सूचना जांच में महत्वपूर्ण हो सकती है।

लोगों से बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करने को भी कहा गया है। ,स्वजनों को उम्मीद है कि लोगों के सहयोग से मुहम्मद शोएब और मुहम्मद आरिफ का जल्द पता चल सकेगा और दोनों सुरक्षित वापस लौटेंगे।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में चीनी मांझे से रिटायर्ड फौजी की मौत, बाइक से जाते समय कटा गला