जम्मू-कश्मीर में चीनी मांझे से रिटायर्ड फौजी की मौत, बाइक से जाते समय कटा गला
बिश्नाह में गट्टू डोर से गला कटने के कारण बाइक सवार सिक्योरिटी सुपरवाइजर लखविंदर सिंह की मौत हो गई। यह घटना राधा स्वामी सत्संग के पास रिंग रोड पर हुई।

जम्मू-कश्मीर में बैन चीनी मांझे से गला कटने के बाद पूर्व फौजी की मौत।
HighLights
गट्टू डोर से गला कटने पर सिक्योरिटी सुपरवाइजर की मौत
बिश्नाह के रिंग रोड पर हुआ यह दर्दनाक हादसा
गट्टू डोर के उपयोग पर रोक लगाने की अपील
संवाद सहयोगी, बिश्नाह। प्रदेश सहित बिश्नाह में गट्टू डोर का कहर जारी है। रविवार शाम को मीरां साहिब के मक्खनपुर से बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक क्षेत्र में ड्यूटी पर जाते समय बाइक सवार सिक्योरिटी सुपरवाइजर की गला कटने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान पूर्व नायब सूबेदार लखविंदर सिंह निवासी दीवानगढ़ आरएसपुरा व मौजूदा समय में मक्खनपुर मीरां साहिब के रूप में हुई है। वह मौजूदा समय में बाड़ी ब्राह्मणा औद्योगिक क्षेत्र में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के रूप में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार वह रविवार शाम करीब आठ बजे बाइक से मक्खनपुर से बाड़ी ब्राह्मणा जा रहे थे। इस दौरान बिश्नाह के रिंग रोड़ से गुजरते समय राधा स्वामी सत्संग के पास उनके गले से गट्टू डोर उलझ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसान लखविंदर सिंह के गले में गट्टू डोर का कट जोर से लगा कि सभी नसें कट गईं।
खून ज्यादा बह गया। मौके से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने उन्हें बिश्नाह उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच में डाक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बिश्नाह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों के हवाले किया जाएगा।
वाहन चलाते समय सुरक्षा उपाय
सुरक्षा तार लगवाएं: बाइक या स्कूटी के आगे की तरफ वेल्डर से एक विशेष सुरक्षा तार या पाइप नुमा गार्ड लगवाएं, जो सामने से आने वाली डोर को आपके गले तक पहुंचने से रोक सके।
पूर्ण हेलमेट पहनें: हमेशा फुल-फेस हेलमेट पहनें, ताकि गर्दन और चेहरे का हिस्सा ढका रहे और डोर सीधे आपकी त्वचा पर न लग सके।
कम गति में चलाएं: पतंगबाजी के मौसम या संवेदनशील इलाकों (जैसे पुलों और खुले रास्तों) से गुजरते समय गाड़ी की स्पीड धीमी रखें।
सतर्क रहें: गाड़ी चलाते समय गर्दन को थोड़ा झुकाकर या हाथ से बचाने की स्थिति में रखें। अगर रास्ते में डोर दिखें, तो तुरंत वाहन रोक दें।
सामाजिक और प्रशासनिक सहयोग
गट्टू डोर का उपयोग न करें: खुद कभी भी चाइनीज या नायलान/प्लास्टिकयुक्त गट्टू डोर से पतंग न उड़ाएं।
प्रशासन को सूचना दें: यदि कोई खुलेआम गट्टू डोर बेच रहा है, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें।
