51 साल के पदक के सूखे को खत्म करने पर नजर, वेल्स के विरुद्ध दम दिखाएगी भारतीय मेंस हॉकी टीम
भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को वेल्स के विरुद्ध अपने अभियान का आगाज करेगी।
-1786722090449_m.webp)
भारतीय पुरुष हॉकी टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, एम्सटेलवीन (नीदरलैंड्स)। लगातार दो ओलिंपिक पदक जीत चुकी भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को वेल्स के विरुद्ध अपने अभियान का आगाज करेगी तो उसका लक्ष्य विश्व कप में 51 साल के पदक के सूखे को खत्म करने के अभियान का शानदार आगाज करके देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस का तोहफा देने का होगा।
आठ बार के ओलिंपिक चैंपियन भारत ने एकमात्र विश्व कप 1975 में कुआलालम्पुर में पाकिस्तान को हराकर जीता था। इससे पहले 1971 में कांस्य और 1973 में रजत पदक अपने नाम किया था लेकिन पिछले 51 साल में पोडियम पर जगह बनाने में भारतीय टीम नाकाम रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली मौजूदा भारतीय टीम के पास इस बार सबसे सुनहरा मौका है। पूल चरण में भारत (आठवीं रैंकिंग) के सामने जिन टीमों की चुनौती है, उनमें सिर्फ इंग्लैंड (तीसरी रैंकिंग) ही उससे आगे है जबकि पाकिस्तान 12वें और वेल्स 15वें स्थान पर है।
शीर्ष दो टीमें दूसरे दौर में जाएंगी
टूर्नामेंट के नए प्रारूप में हर पूल से शीर्ष दो टीमें दूसरे दौर में जाएंगी जहां उन्हें चार चार टीमों के दो समूहों में बांटा जाएगा और दूसरे पूल की टीमों से इस दौर में सामना होगा। इसमें दूसरी क्वालीफाइड टीम के विरुद्ध पिछले दौर के अपने पूल के अंक जोड़े जाएंगे। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी।
51 साल की कमी पूरी कर देंगे
हरमनप्रीत भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा है कि टीम उसी मानसिकता और तैयारी के साथ उतरेगी जो पिछले दो ओलिंपिक में थी। उन्होंने कहा कि हमें यकीन है कि जिस तरह से टोक्यो में 41 साल बाद ओलिंपिक पदक जीता था, इस बार विश्व कप में 51 साल की कमी पूरी कर देंगे। हम उसी जज्बे, उसी सोच और तैयारी के साथ यहां आए हैं। विश्व कप में पदक जीतने का दबाव नहीं है बल्कि यह हमारी जिम्मेदारी है।
भारत बनाम वेल्स
- स्थान: एम्सटेलवीन
- समय: शाम 4:30 बजे
- प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स/डीडी स्पोर्ट्स/जियो हाटस्टार

