एशियन गेम्स 2026 में नीली जर्सी में खेलती नजर आएगी भारतीय टीम, हॉकी इंडिया अध्यक्ष ने बताई इनसाइड स्टोरी
हॉकी इंडिया ने पुष्टि की है कि भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें आगामी एशियाई खेलों में नीली जर्सी पहनेंगी। ...और पढ़ें

भारतीय हॉकी टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने मंगलवार को कहा कि भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमें जापान के आइची-नागोया में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में नीली जर्सी पहनकर खेलेंगी। टिर्की ने कहा कि भारतीय ओलमपिक संघ (आईओए) ने टीम किट के रंगों को लेकर विकल्प दिए थे जिसके बाद हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की जर्सी के लिए नीले रंग को पहली पसंद बनाया।
टिर्की ने एशियाई खेलों में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों के लिए आयोजित विदाई समारोह से इतर कहा, आईओए ने हमें टीम किट के लिए रंगों के विकल्प दिए थे। हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की जर्सी के लिए पहला रंग नीला और दूसरा रंग ‘नारंगी’ चुना है।
हॉकी विश्व कप से पहले बदला गया था जर्सी का रंग
हाल ही में नीदरलैंड्स और बेल्जियम में हुए विश्व कप से ठीक पहले भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग पारंपरिक नीले से बदलकर ‘नारंगी’ किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उस समय टिर्की ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उनकी या कार्यकारी बोर्ड की जानकारी के बिना जर्सी का रंग बदलने का फैसला लिया गया था।
हार को भुलाकर आगे बढ़े हाकी टीमें
खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने हॉकी विश्व कप के बाद समीक्षा बैठक में कप्तानों और कोचों से हार की बजाय उसके कारणों पर फोकस करके एशियाई खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए कहा। सू्त्रों के अनुसार सोमवार को खेलमंत्री ने पुरुष टीम के कोच क्रेग फुल्टन, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, महिला टीम के कोच शोर्ड मारिन और कप्तान सलीमा टेटे के साथ बैठक में विश्व कप में प्रदर्शन की समीक्षा की और कमियों का पता लगाकर उन्हें दूर करने पर फोकस करने के लिए कहा।
सूत्रों के अनुसार, करीब एक घंटे तक साई मुख्यालय में हुई बैठक में खेलमंत्री ने दोनों टीमों के कप्तानों और कोचों के अलावा हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों से बात की । उन्होंने विश्व कप की निराशा को भुलाने और एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करके लॉस एंजिलिस ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य रखने के लिए कहा है।
