Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिमला अस्पताल में इंसान की टांग मुंह में लेकर घूमते दिखा कुत्ता, कमेटी की रिपोर्ट वायरल वीडियो का सच लाई सामने

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 24 Feb 2026 06:34 PM (IST)

    शिमला के अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में एक कुत्ता इंसान की टांग मुंह में लेकर घूमता दिखा, जिसका वीडियो वायरल हो गया। यह टा ...और पढ़ें

    शिमला के चमियाणा अस्पताल परिसर में इंसान की टांग मुंह में लेकर घूमता कुत्ता।

    शिमला के चमियाणा अस्पताल परिसर में इंसान की टांग मुंह में लेकर घूमता कुत्ता।

    HighLights

    1. शिमला अस्पताल में कुत्ता इंसान की टांग लेकर घूमता दिखा।

    2. अस्पताल की लापरवाही से बायोमेडिकल वेस्ट का दरवाजा खुला रहा।

    3. जांच कमेटी ने घटना की पुष्टि की, कर्मचारियों को नोटिस।

    जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला शहर में मंगलवार सुबह एक कुत्ता इंसान की टांग मुंह में लेकर घूमते दिखा। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (एआईएमएसएस) चमियाणा के परिसर में यह कुत्ता देखा गया। लोगों ने इसका वीडियो बनाया है, जो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद लोग दहशत में हैं। लोग कुत्ते को देखते ही भयभीत हो गए।

    लापरवाही के इस मामले में अस्पताल प्रशासन ने सफाई के सुपरवाइजर से जवाब तलब किया गया है। यह इंसानी टांग अस्पताल में की गई एम्प्यूटेशन यानी शरीर का अंग काटने के बाद मेडिकल वेस्ट में रखी गई थी। यह किसी हादसे के मामले में किया गया था। 

    अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही

    बता दें कि अस्पताल के स्तर पर यह घोर लापरवाही है। काटी गई टांग को ठिकाने लगाने की व्यवस्था होती है। लेकिन यह बड़े स्तर पर लापरवाही को दर्शा रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में जहां दहशत का माहौल है। वहीं, सच्चाई जानने वाले लोगों में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ गहरा आक्रोश है।

    दरवाजा नहीं था ठीक से बंद

    बताया जा रहा है कि जहां अंग को रखा गया था, उसका दरवाजा ठीक से बंद नहीं किया गया था। इस कमरे की जिम्मेदारी किस कर्मचारी के पास थी व किसने इसे ठिकाने लगाना था, इस सबकी अस्पताल प्रबंधन जांच कर रहा है। जांच के बाद ही लापरवाह स्टाफ के नाम सामने आ पाएंगे। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से अस्पताल प्रशासन की भी बदनामी हो रही है। 

    तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई

    अस्पताल प्रशासन ने इस पूरे मामले में कड़ा संज्ञान लिया है और इसे अत्यंत गंभीरता से देखा गया है। मामले की तथ्यात्मक जांच के लिए एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की गई है, जिसमें नर्सिंग अधीक्षक लीलावती, बायो-मेडिकल वेस्ट के नोडल अधिकारी राजेश वर्मा और मैट्रन लीला बोध शामिल हैं।

    खबरें और भी

    कमेटी की रिपोर्ट में सच आया सामने

    अस्पताल की ओर से बनाई गई जांच कमेटी की रिपोर्ट में सामने आया है कि 19 फरवरी को सीटीवीएस विभाग में एक मरीज की घुटने के ऊपर अम्प्यूटेशन सर्जरी की गई थी। अम्प्यूटेड अंग को नियमानुसार बायोमेडिकल वेस्ट बैग में पैक कर एम्स के बायोमेडिकल वेस्ट परिसर में आगे निस्तारण के लिए रख दिया गया था, जिसे बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण एजेंसी (एनवायरों इंजीनियर) ने उठाना था। 21 फरवरी की रात जब बायोमेडिकल वेस्ट को परिसर में लाया जा रहा था, उस दौरान सफाई कर्मियों से बायोमेडिकल वेस्ट परिसर का दरवाजा खुला और असुरक्षित छोड़ दिया गया। आशंका है कि इसी दौरान किसी कुत्ते ने पैक किए गए बैग से अम्प्यूटेड अंग निकाल लिया। 

    सुरक्षा कर्मियों ने कुत्ते को पकड़ने का किया प्रयास

    अगले दिन परिसर के बाहर खाली बैग मिला था। सफाई कर्मियों ने गुम हुए अंग को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार को एक कुत्ता इस अंग को मुंह में लेकर घूमता दिखाई दिया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ता आक्रामक हो गया और भाग गया।

    कर्मियों को नोटिस जारी

    अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में 21 फरवरी की रात ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मियों एवं संबंधित सैनिटेशन सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनके जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।

     

    यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश सरकार ने खर्चों में कटौती की शुरू, कैसे जुटाएंगे 3000 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व? 7 प्वाइंट में समझें

    यह भी पढ़ें: Kullu Landslide: मणिकर्ण में साफ मौसम के बीच दरका पहाड़, बाल-बाल बचे वाहन सवार; चौंकाने वाला वीडियो आया सामने