Kullu Landslide: मणिकर्ण में साफ मौसम के बीच दरका पहाड़, बाल-बाल बचे वाहन सवार; चौंकाने वाला वीडियो आया सामने
कुल्लू में साफ मौसम के बीच मंगलवार सुबह भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मणिकर्ण-बरशैणी सड़क बंद हो गई। घाटीगढ़ के पास पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक गया, हालांकि को ...और पढ़ें
HighLights
कुल्लू में साफ मौसम के बीच भारी भूस्खलन हुआ।
मणिकर्ण-बरशैणी सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई।
भूस्खलन की चपेट में आने से वाहन बाल-बाल बचे।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में साफ मौसम के बीच भारी भूस्खलन हुआ है। मंगलवार सुबह पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक गया। इस कारण मणिकर्ण-बरशैणी सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है। घाटीगढ़ के समीप पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों और मलबे के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। यह भूस्खलन साफ मौसम में हुआ, जिससे लोगों में और अधिक भय का माहौल है।
गनीमत रही कि भूस्खलन की चपेट में कोई वाहन नहीं आया। भूस्खलन का वीडियो सामने आया है, जिसमें तीन गाड़ियां ऐन मौके पर रुक गईं। यदि गाड़ियां नहीं रुकती तो नुकसान हो सकता था।
साफ मौसम में भी क्यों दरक रहा पहाड़
बताया जा रहा है कि बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अस्थिर हो चुका है। दिन-रात छोटे-बड़े पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले भी कई बार यह मार्ग बंद हो चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
रोजाना गुजरते हैं सैकड़ों वाहन, पर्यटक व श्रद्धालु भी सहमे
इस सड़क से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिनमें पर्यटक, स्कूली बच्चे, मरीज और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग शामिल हैं। कई बार वाहन चालकों को स्वयं मलबा हटाकर रास्ता बनाना पड़ता है। सैलानियों और श्रद्धालुओं में भी डर का माहौल है, जिससे पर्यटन गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी तौर पर मलबा हटाना समस्या का समाधान नहीं है। पहाड़ी की वैज्ञानिक ट्रीटमेंट, मजबूत रिटेनिंग वाल और वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाने की मांग की है।
खबरें और भी
क्या कहते हैं अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गोविंद ठाकुर का कहना है कि मार्ग को बहाल करने का कार्य किया जा रहा है। मणिकर्ण में एक मशीन तैनात की गई है, ताकि भविष्य में मार्ग बंद होते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके।
कुल्लू में दरका पहाड़ pic.twitter.com/nTNGejTrum
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) February 24, 2026