विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति मुर्मु वूलन कोट पहनकर पहुंचीं अटल टनल रोहतांग, BRO की इंजीनियरिंग सराही; मनाली मॉल रोड पर टहलीं

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 07 Oct 2026 11:30 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 07 Oct 2026 05:45 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अटल टनल रोहतांग का दौरा किया, जहां उन्होंने बीआरओ की इंजीनियरिंग की सराहना की। उन्होंने मनाली ...और पढ़ें

HighLights

  1. राष्ट्रपति मुर्मु ने अटल टनल रोहतांग का दौरा किया।

  2. उन्होंने बीआरओ की विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग की सराहना की।

  3. मनाली में हिडिंबा मंदिर जाकर मॉल रोड पर टहलीं।

जागरण संवाददाता, मनाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार सुबह अटल टनल रोहतांग पहुंचीं। लॉन्ग वूलन कोट पहनकर पहुंचीं राष्ट्रपति ने अटल टनल रोहतांग के छोर पर रुककर फोटो भी खिंचवाए। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों से टनल के बारे में जानकारी ली। मनाली की पहाड़ियों पर बर्फबारी के कारण मौसम ठंडा हो गया है। दोपहर बाद तीन बजे मनाली में माता हिडिंबा के मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। इसके बाद शाम को मनाली मॉल रोड पर टहलने निकलीं।

President Visit Manali Mall Road

राष्ट्रपति ने एक्स पर ट्वीट कर अटल टनल की तारीफ की। उन्होंने विचार साझा करते हुए कहा कि अटल टनल भारत की तकनीकी क्षमता, दृढ़ संकल्प और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। राष्ट्रपति ने बीआरओ की ओर से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में देश की अहम परियोजना के निर्माण की तारीफ की। उन्होंने इसे विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग बताया। 

सभी तरह के वाहनों के लिए टनल बंद

राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर अटल टनल रोहतांग मंगलवार सायं से बुधवार दोपहर बाद तक भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गई है। छोटे वाहन बुधवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक टनल की ओर नहीं जा सकेंगे। दोपहर बाद राष्ट्रपति के अटल टनल से वापसी के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो जाएगी।

President Visit Atal tunnel 2

मनाली से साढ़े 9 बजे निकला काफिला

सुबह साढ़े 9 बजे के बाद राष्ट्रपति का काफिला मनाली से अटल टनल के लिए रवाना हुआ। काफिला रवाना होने के बाद पलचान से आगे अटल टनल की ओर केवल आपातकालीन वाहनों को ही जाने की अनुमति मिली।

बेटी भी साथ

जगह जगह सड़क किनारे खड़े लोगों ने राष्ट्रपति के काफिले को निहारा। कुछ जगह राष्ट्रपति ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिनंदन भी किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मु भी हैं।

President Visit Atal tunnel 3 

ब्यास कुंड व धुंधी की पहाड़ियां निहारीं

मंगलवार को रोहतांग सहित ऊंची पहाड़ियों में हिमपात हुआ है। इससे मौसम ठंडा हो गया है। ठंड से बचने के लिए राष्ट्रपति ने वूलन कोट पहना है। आज भी पहाड़ियों पर हिमपात हो रहा है। राष्ट्रपति ने अटल टनल के पास बर्फ की सफेदी ओढ़े ब्यास कुंड व धुंधी की पहाड़ियों को निहारा। 

हिडिंबा मंदिर जाने के बाद माल रोड पर घूमने का कार्यक्रम

दोपहर बाद राष्ट्रपति शाम तीन बजे माता हिडिंबा मंदिर जाएगी ओर माथा टेककर सुख व समृद्धि का आशीर्वाद लेगी। शाम पांच बजे राष्ट्रपति का माल रोड मनाली में घूमने का कार्यक्रम भी है। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे चप्पे में पुलिस जवान तैनात है।

President Visit Atal tunnel 4

बेहद महत्वपूर्ण है अटल टनल

देश की महत्वपूर्ण अटल टनल का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन अक्टूबर 2020 को शिलान्यास किया था। 9 किलोमीटर लंबी यह टनल एशिया की सबसे ऊंची व लंबी टनल है। इस टनल के बन जाने से लाहुल-स्पीति सालभर देश दुनिया से जुड़ा रहता है। वहीं, सीमा तक रसद पहुंचाना भी आसान हुआ है।

डीजी बीआरओ ने दी टनल की जानकारी

डीजी बीआरओ लेफ्टिनल जनरल हरपाल सिंह ने राष्ट्रपति को अटल टनल म्यूजियम की जानकारी दी। विजिटर रजिस्टर में हस्ताक्षर किए। द्रौपदी मुर्मु अटल टनल का दौरा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति हैं। इससे पहले तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 2022 में अटल टनल का दौरा किया था।

इस दौरान प्रदेश के मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक भुवनेश्वर गौड, विधायक अनुराधा राणा भी साथ रहे।

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति मुर्मु का मनाली दौरा: 18 घंटे बंद रहेगी अटल टनल, शहर में कड़ी नाकाबंदी; टूरिस्ट पढ़ लें ट्रैफिक प्लान