विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में कोहरा; शिमला में तापमान ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड, आज हो सकती है बारिश

Updated: Sat, 04 Jan 2025 08:06 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाए हैं। शिमला में 18 साल पुराना तापमान रिकॉर्ड टूट गया है। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं ज ...और पढ़ें

हिमाचल के ऊना में बिछी कोहरे की चादर।
हिमाचल के ऊना में बिछी कोहरे की चादर।

HighLights

  1. 2006 में दर्ज किया गया था 21.4, शुक्रवार को अधिकतम तापमान रहा 21.6 डिग्री सेल्सियस।
  2. 2001 व 2009 में था 12.7 डिग्री सेल्सियस, अब पहुंचा 11.5, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी।
  3. मनाली में भी न्यूनतम तापमान ने तोड़ा रिकार्ड, 2009 को 7.5 व अब 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

जागरण टीम, शिमला। नववर्ष की शुरुआत में मौसम अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक तरफ रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में सुबह हिमपात हुआ, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा है, वहीं शिमला में तापमान ने रिकॉर्ड बना दिया।

सर्दियों में जहां शिमला में कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान करती थी वहीं इस बार मौसम सुहावना बना है। शुक्रवार को तापमान ने 18 साल पहले का रिकार्ड तोड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, शिमला में 30 जनवरी 2006 को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार अधिकतम तापमान 21.6 डिगी सेल्सियस पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

शिमला में वर्षा-हिमपात के बाद गर्माहट महसूस

वर्ष 2001 और 2009 में शिमला में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मनाली में भी न्यूनतम तापमान ने रिकार्ड तोड़ा है यहां तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। 25 जनवरी 2009 को 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

दिसंबर में शिमला में वर्षा-हिमपात के बाद गर्माहट महसूस की जा रही है। धूप अब हल्की गर्माहट के बजाय तपा रही है। दिन के समय अधिक देर तक धूप में नहीं बैठ पा रहे हैं। रात में भी अधिक सर्दी महसूस नहीं की जा रही। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।

जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे है। लाहुल स्पीति के ताबो में माइनस 5.5 डिग्री, समधो में माइनस 2.9 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 2.6 डिग्री और केलंग में माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जुब्बड़हट्टी में सबसे अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

आज वर्षा व हल्के हिमपात की संभावना

मौसम विभाग ने पांच से सात जनवरी तक राज्य में प्रतिकूल मौसम की आशंका जताई है। चार जनवरी को भी कुछ स्थानों पर वर्षा व हल्का हिमपात होगा। शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थानों पर सीजन का चौथा हिमपात हो सकता है।

पांच और छह जनवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी चल सकती है। हिमपात की संभावना से पर्यटक उत्साहित हैं। आठ और नौ जनवरी को मौसम साफ रहेगा।

ऊना में 10 बजे से लगेंगे स्कूल

ऊना जिले में घनी धुंध व सर्दी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। उपायुक्त जतिन लाल ने आदेश जारी किए हैं कि सभी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक संचालित होंगे। आदेश चार जनवरी से 31 जनवरी तक प्रभावी रहेंगे।

देरी से पहुंची ट्रेनें

धुंध के कारण रेलगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली से ऊना, अंब-अंदौरा व दौलतपुर आवागमन करने वाली दो रेलगाड़ियां हिमाचल एक्सप्रेस व वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। वंदे भारत 40 मिनट और हिमाचल एक्सप्रेस 33 मिनट देरी से पहुंची।

यह भी पढ़ें- ठंड से चिल नहीं गर्मी से तप रहे पहाड़, शिमला में 3 जनवरी रहा सबसे गर्म दिन; 18 साल का टूटा रिकॉर्ड