विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के 44 विद्यार्थी जापान के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना, 650 ने किया था आवेदन; CM ने किया संवाद

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 06 Sep 2026 01:36 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के 44 इंजीनियरिंग छात्र जापान के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनसे वर्चुअली संवाद कर शुभकामनाएं दीं।

जापान टूअर पर जाने से पूर्व सीएम से संवाद के दौरान विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के साथ।

जापान टूअर पर जाने से पूर्व सीएम से संवाद के दौरान विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के साथ।

HighLights

  1. 44 इंजीनियरिंग छात्र जापान के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना।

  2. मुख्यमंत्री सुक्खू ने छात्रों से वर्चुअली संवाद कर शुभकामनाएं दीं।

  3. तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा 6 से 12 सितंबर तक टूर।

जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के बीटेक के 44 मेधावी विद्यार्थी जापान के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इनसे वर्चुअली संवाद किया और विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामना दीं। यह अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूअर तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा 6 से 12 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। 

विभाग द्वारा यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूर है। इससे पहले आईटीआई के विद्यार्थियों के लिए कजाकिस्तान का अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूर आयोजित किया गया था। इस टूअर के माध्यम से विद्यार्थियों ने कौशल विकास की विविध पद्धतियों और वैश्विक व्यावसायिक शिक्षा प्रणालियों की जानकारी प्राप्त की थी।

24 छात्र और 20 छात्राएं इन स्थानों पर घूमेंगी 

इस शैक्षणिक भ्रमण में विभिन्न इंजीनियरिंग विषयों के 24 छात्र और 20 छात्राएं भाग ले रही हैं। विद्यार्थी जापान के प्रमुख शैक्षणिक, अनुसंधान एवं औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे। इनमें टोक्यो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी, जेएएक्सए त्सुकुबा स्पेस सेंटर, साइबरडाइन रोबोटिक्स स्टूडियो, जेएएल एयरोस्पेस फैक्ट्री, क्योसेरा फैक्ट्री तथा ओसाका स्थित विभिन्न उद्योग शामिल हैं।

ये अनुभव लेंगे विद्यार्थी

इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, उन्नत विनिर्माण, नवाचार और आधुनिक परिवहन प्रणालियों का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा विद्यार्थी जापान की अनुशासित जीवनशैली, विरासत, कार्य संस्कृति और तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी प्राप्त करेंगे।

कंबोडिया और कजाकिस्तान का भ्रमण करवाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को कंबोडिया और आईटीआई के विद्यार्थियों को कजाकिस्तान की एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भी विदेशों में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसके लिए चयन प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।

जापान से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा

सुक्खू ने कहा कि विद्यार्थी जापान से अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति का नया अनुभव प्राप्त करेंगे जिससे वह और अधिक आत्मविश्वासी बनेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी के रूप में वह पहली बार दिल्ली गये थे, जबकि आज आपको जापान जाने का अवसर मिल रहा है। जापान से आपको बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलेगा। यहां उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान हैं और यह भूकंप संभावित क्षेत्र में भी स्थित है। भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील होने के बावजूद जापान ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री भी साथ, बताया कैसे हुआ चयन

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि जापान की एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों को यादगार अनुभव प्रदान करेगी और उन्हें नई चीजें सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों से लगभग 650 आवेदन प्राप्त हुए थे और विद्यार्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया गया है। इस अवसर पर प्रधान सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. अभिषेक जैन भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: HPU शिमला देगा NET और SET की विशेष कोचिंग, दो महीने चलेगा प्रशिक्षण सत्र; कितनी रहेगी फीस?